Sultanpur Road Accident: जन्माष्टमी का मेला देखकर लौट रहे परिवार को डंपर ने मारी टक्कर, मां-बेटी की मौत
अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर हादसा, 10 वर्षीय बेटा और देवर घायल; टक्कर के बाद डंपर चालक फरार
गोसाईगंज/सुल्तानपुर, अमृत विचारः अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के द्वारिकागंज चौकी अंतर्गत बाबूगंज बाजार के पास शुक्रवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि महिला का 10 वर्षीय बेटा और देवर घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि इनायतपुर गांव निवासी अवधेश (40) अपनी भाभी रेखा (32), भतीजी वर्षा (12) और रेखा के बेटे तेजस (10) को बाइक से कूरेभार थाना क्षेत्र के गुप्तारगंज बाजार में जन्माष्टमी का मेला दिखाने ले गए थे। मेला देखने के बाद सभी बाइक से घर लौट रहे थे।
रात करीब 10 बजे बाबूगंज बाजार के आगे पहुंचने पर पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रेखा और उनकी बेटी वर्षा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में तेजस और अवधेश भी घायल हुए।
सूचना पर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने रेखा और वर्षा को मृत घोषित कर दिया। घायल तेजस और अवधेश का उपचार कराया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही गोसाईंगंज थाना प्रभारी अखंड देव मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया और मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों के उपचार की व्यवस्था कराई। वहीं, चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद मां-बेटी के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ेंः लखनऊ में नशे के काले कारोबार का खुलासा! 228 किलो नशीली दवाएं बरामद, छह गिरफ्तार
