Meerut Encounter: गन्ने के खेत में छिपा था गोकशी का प्लान! पुलिस से मुठभेड़ के बाद आरोपी बिलाल गिरफ्तार
अटौरा रोड रजवाहे की पटरी के पास पुलिस ने घेरा, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; साथी भूरा उर्फ जावेद फरार
मेरठ: मेरठ जिले में पुलिस ने कथित तौर पर गोकशी की तैयारी कर एक बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथी के साथ गोवंश का वध करने के लिए ले जा रहा था। कार्रवाई के दौरान दोनों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में बिलाल के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी भूरा उर्फ जावेद मौके से फरार हो गया।
गन्ने के खेत में गोवंश ले जाने की मिली सूचना
पुलिस क्षेत्राधिकारी (मवाना) पंकज लवानिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अटौरा रोड रजवाहे की पटरी के पास गन्ने के खेत में दो लोग एक गोवंश को वध के लिए ले जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत की घेराबंदी की। इसके बाद दोनों आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई। पुलिस के अनुसार इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस दल पर कथित तौर पर गोलीबारी शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में बिलाल के पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी बिलाल के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए मवाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहीं, बिलाल का साथी भूरा उर्फ जावेद मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गोवंश के साथ तमंचा और गोकशी के उपकरण बरामद
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से एक गोवंश, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में मवाना थाने में भारतीय न्याय संहिता, आयुध अधिनियम और उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया के अनुसार बिलाल और भूरा उर्फ जावेद के खिलाफ पहले भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ मामले की आगे की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः लखनऊ में नशे के काले कारोबार का खुलासा! 228 किलो नशीली दवाएं बरामद, छह गिरफ्तार
