यूपी में आबकारी विभाग का नया रिकॉर्ड, पांच माह में 24,795 करोड़ राजस्व

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अप्रैल-अगस्त में पिछले साल की समान अवधि से 2,457.90 करोड़ रुपये अधिक आय अगस्त में 3,933.10 करोड़ रुपये जुटाए, अवैध शराब के खिलाफ भी अभियान तेज

उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले पांच महीनों में 24,795.52 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया। पिछले साल से संग्रह में बड़ी बढ़ोतरी हुई।

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले पांच महीनों में राजस्व संग्रह के मोर्चे पर नया रिकॉर्ड बनाया है। अप्रैल से अगस्त तक विभाग ने 24,795.52 करोड़ रुपये राजस्व अर्जित किया, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 22,337.62 करोड़ रुपये था। यानी इस बार 2,457.90 करोड़ रुपये अधिक, करीब 11 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई है। चालू वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित 71,278 करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य का करीब 34.8 फीसदी पांच माह में हासिल हो चुका है।


अगस्त में विभाग ने 3,933.10 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया। पिछले साल अगस्त में 3,754.43 करोड़ रुपये मिले थे। इस तरह इस बार अगस्त में 178.67 करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ। इससे पहले अप्रैल में 5,248.06 करोड़, मई में 5,387.63 करोड़, जून में 5,173.87 करोड़ और जुलाई में 5,052.86 करोड़ रुपये राजस्व मिला। 


राजस्व संग्रह के साथ विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ भी अभियान तेज रखा है। अप्रैल से जून 2026 तक 29,294 अभियोग दर्ज किए गए और 9.01 लाख लीटर अवैध मदिरा व मादक पदार्थ बरामद किए गए। इस दौरान 4,673 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 819 आरोपितों को जेल भेजा गया। तस्करी में इस्तेमाल 30 वाहन भी जब्त किए गए।

जुलाई में 9,769 अभियोग दर्ज कर 2.34 लाख लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इस दौरान 1,704 लोगों की गिरफ्तारी हुई और 271 आरोपित जेल भेजे गए। अगस्त में भी जिलों में छापेमारी, गश्त और चेकिंग का अभियान जारी रहा। सुलतानपुर के चांदा क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 110 किलो महुआ लहन नष्ट कर 12 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।

आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह ने कहा कि विभागीय टीमें राजस्व संग्रह के साथ अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, छापेमारी और चेकिंग बढ़ाई गई है।

मंत्री बोले- पारदर्शी व्यवस्था से बढ़ा राजस्व

आबकारी एवं मद्यनिषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विभाग राजस्व संग्रह के साथ अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। उनके मुताबिक पारदर्शी व्यवस्था, तकनीकी निगरानी और प्रभावी प्रवर्तन से राजस्व में लगातार वृद्धि हुई है। सरकार का लक्ष्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि अवैध और जहरीली शराब के कारोबार पर अंकुश लगाना भी है।

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग: वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट में बजने लगा रेड-बीप, AIR-INDIA विमान में आई खराबी

संबंधित समाचार