बरेली: कोरोना का डर बेअसर, उत्साह के साथ गुजरा साल का पहला दिन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। आस्था और उत्साह के बीच लोगों ने नए साल का स्वागत किया। किसी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर नए साल के पहले दिन की शुरुआत की तो कोई शॉपिंग मॉल्स और बाजारों में खरीदारी करता नजर आया। युवाओं और बच्चों ने भी खूब मस्ती की। शहर के पार्क लोगों से गुलजार रहे। …

अमृत विचार, बरेली। आस्था और उत्साह के बीच लोगों ने नए साल का स्वागत किया। किसी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर नए साल के पहले दिन की शुरुआत की तो कोई शॉपिंग मॉल्स और बाजारों में खरीदारी करता नजर आया। युवाओं और बच्चों ने भी खूब मस्ती की। शहर के पार्क लोगों से गुलजार रहे। नए साल के पहले दिन कोरोना का डर बेअसर नजर आया।

कोरोना से बेखौफ होकर जिले में शुक्रवार को नववर्ष का पहला दिन धूमधाम से मनाया गया। पूरे दिन लोग अपने-अपने तरीके से जश्न मनाते नजर आए। एक तरफ जहां सोशल मीडिया पर संदेशों की भरमार रही तो दूसरी ओर शहर की सड़कें भी गुलजार रहीं। धार्मिक स्थलों, पार्कों और बाजारों में खासी भीड़भाड़ रही।

गुनगुपी धूप निकली तो पार्कों में बच्चों ने जमकर मस्ती की। शहर के मुख्य बाजारों व शॉपिंग मॉल में बीते दिनों की अपेक्षा अधिक रौनक देखने को मिली। बधाई देने का सिलसिला गुरुवार रात से ही शुरू हो गया था। यह सिलसिला शुक्रवार पूरे दिन चला। सरकारी कार्यालयों में भी अधिकारी और कर्मचारी एक दूसरे को बधाई देते रहे।

उधर, नेटवर्क व्यस्त होने से भी लोग मायूस नजर आए। हाईटेक तरीके से नव वर्ष मनाने के लिए फिनिक्स मॉल, होटलों, पार्कों में लोगों ने जमकर जश्न मनाया। सुबह से शाम तक पार्टी का दौर चलता रहा। लोगों ने मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना कर नए साल की शुरुआत की। शहर के त्रिवटीनाथ, पशुपतिनाथ समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर भारी भीड़ रही।

लोगों ने फूलों के गुलदस्ते भेंट करके एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। रेस्टोरेंट में परिवार के साथ लोगों ने लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। कोरोना संक्रमण की वजह से जो लोग बाहर नहीं निकले उन्होंने घरों में ही गीतों पर ठुमके लगाए। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।

वहीं, जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे। इसे लेकर सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस सतर्क रही। फिलहाल देर रात तक जिले में शांति पूर्ण ढंग से लोगों ने नव वर्ष मनाया।

पार्कों में पिकनिक कर मनाया जश्न
नववर्ष के मौके पर शुक्रवार को गुनगुनी धूप के बीच पार्कों में पिकनिक मनाने वाले लोगों की भीड़ देखने को मिली। कोई अपने परिवार के साथ तो कोई अपने मित्र और अपने ग्रुप के साथ पिकनिक का आनंद लेता दिखाई दिया। शहर का गांधी उद्यान के अलावा अग्रसेन पार्क, चिल्ड्रन पार्क गुलजार रहा। इसके अलावा उत्साह के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर लोगों ने सेल्फी ली।

केट काटकर की आतिशबाजी
नव वर्ष का स्वागत लोगों ने उत्साहपूर्वक किया। रात में कहीं आतिशबाजी हुई तो कहीं केक काटा गया। बच्चों में भी नव वर्ष का उत्साह देखने को मिला। शहर के विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंटों में भी विविध आयोजन हुए। वहीं, नव वर्ष के पहले दिन शहर में जगह-जगह हुए आयोजन स्थलों पर सेल्फी लेने वालों की भीड़ रही।

न के बराबर बिके ग्रीटिंग कार्ड
व्यापारी मोतीलाल ने बताया कि इस वर्ष स्कूल बंद होने की वजह से ग्रीटिंग कार्ड की बिक्री न के बराबर हुई। लोगों ने नववर्ष मनाने को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप का सहारा लिया जबकि पूर्व वर्षों में नववर्ष पर मैसेज प्लान बंद होने की वजह से कुछ ग्रीटिंग कार्डों की बिक्री हो जाती थी। अब व्हाट्सएप और फेसबुक का जमाना है। ऐसे में हर कोई सोशल मीडिया के सहारे नव वर्ष मना रहा है।

संबंधित समाचार