अधिवक्ताओं के हित के लिए कार्य कर रही प्रदेश सरकार : बृजेश पाठक
मुरादाबाद,अमृत विचार। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। कचहरी स्थित एसपी गुप्ता भवन में शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने आए प्रदेश सरकार के मंत्री बृजेश पाठक ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश …
मुरादाबाद,अमृत विचार। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। कचहरी स्थित एसपी गुप्ता भवन में शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने आए प्रदेश सरकार के मंत्री बृजेश पाठक ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अधिवक्ताओं के हित के लिए कार्य कर रही है। इसके अलावा जल्द ही एकल भवन व्यवस्था के तहत मुरादाबाद कचहरी का प्रारूप बदला जाएगा। अधिवक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
दिसंबर माह में दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी एसोसिएशन के चुनाव हुए थे। अध्यक्ष पद समेत 21 पदों पर संपन्न हुए चुनाव में आदेश कुमार श्रीवास्तव को अध्यक्ष व राकेश कुमार वशिष्ठ को महासचिव चुना गया था। नव निर्वाचित पदाधिकारियों का चयन होने के बाद शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन की तैयारी चल रही थी। बाद में चार जनवरी की तारीख मुकर्रर की गई थी। जिसके तहत सोमवार को कचहरी परिसर स्थित एसपी गुप्ता भवन में भव्य तरीके से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री(विधायी, न्याय, ग्रामीण अभियंत्रणा सेवा) बृजेश पाठक और चौधरी भूपेंद्र सिंह व जिला जज देवी शंकर श्रीवास्तव ने शिरकत की। दीप प्रज्ज्वलित करने के बाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। बाद में एल्डर कमेटी के चेयरमैन रमाशंकर ने अध्यक्ष आदेश कुमार श्रीवास्तव को शपथ दिलाई। फिर मुख्य अतिथि ने महासचिव राकेश कुमार वशिष्ठ, उपाध्यक्ष रामवीर सिंह त्यागी, कोषाध्यक्ष गोपाल द्विवेदी, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य राजीव चौधरी, मनोज गुप्ता, श्रीकांत उपाध्याय और कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य दीपिका वर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों को कर्तव्य और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
एकल व्यवस्था के तहत बदला जाएगा प्रारूप
शपथ ग्रहण समारोह में बोलते हुए मुख्य अतिथि मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह से अधिवक्ताओं के हित के लिए कार्य कर रही है। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जा रहा है। कचहरी भवनों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। अधिवक्ताओं के लिए नए चैंबर भी बनवाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुरादाबाद में भी एकल व्यवस्था के तहत कचहरी का प्रारूप बदला जाएगा। किसी भी अधिवक्ता का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। उनकी हर समस्या को शासन स्तर पर प्रमुखता से निस्तारण कराया जाएगा। वहीं मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मैं आपके शहर से हूं, आपकी सेवा के लिए हर समय तत्पर रहूंगा। मैं अधिवक्ता समाज का पूरा सम्मान करता हूं और आगे भी करता रहूंगा।
किसी बेटी की शादी में दे देना पायल
शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने आए मुख्य अतिथि बृजेश पाठक व चौधरी भूपेंद्र सिंह को सर्राफ कमेटी के पदाधिकारियों ने चांदी का मुकुट दिया। मुकुट लेने के बाद बृजेश पाठक ने पदाधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपका यह तोहफा मैने कबूल कर लिया है लेकिन मैं चाहता हूं कि चांदी के इस मुकुट की पायल बनवाना। यह पायल किसी गरीब की बेटी की शादी में दे देना। अगर आप ऐसा कर देंगे तो मैं पदाधिकारियों का आभारी रहूंगा। वहीं कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने भी मुख्य अतिथि को शाल पहनाकर स्वागत किया।
नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने सौंप ज्ञापन
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नव निर्वाचित पदाधकारियों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए बृजेश पाठक को ज्ञापन सौंपे। उनका कहना था कि रजिस्ट्री कार्यालय कचहरी परिसर से हटाकर रामगंगा विहार में शिफ्ट कर दिया गया है। उस कार्यालय के पास अधिवक्ताओं के लिए चैंबर नहीं हैं। जिस कारण काफी परेशानी होती है। करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करके वहां तक जाना पड़ता है। लिहाजा इस कार्यालय को फिर से कचहरी परिसर पर शिफ्ट किया जाए। इसके अलावा पदाधिकारियों का कहना था कि महानगर में विधि शिक्षा की सुविधा है। जिस कारण हर वर्ष नए अधिवक्ता आ रहे हैं लेकिन कचहरी परिसर पर पर्याप्त स्थान न होने के कारण उनके लिए चैंबर नहीं बन पा रहे हैं। जिस पर उन्होंने शासन स्तर पर इन समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आश्वासन दिया।
–
प्रतीक चिंह्न देकर किया गया सम्मानित
वहीं बृजेश पाठक ने मुख्य अतिथियों को प्रतीक चिंह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में आए विधान परिषद सदस्य डा. जयपाल सिंह व्यस्त, शहर विधायक रितेश गुप्ता, विधायक बिलारी फहीम इरफान, देहात विधायक हाजी इकराम कुरैशी, कांठ विधायक राजेश कुमार उर्फ चुन्नू को प्रतीक चिंह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष धर्मंद्र नाथ मिश्रा, चक्रेश लोहिया, विपुल अग्रवाल, अमित सक्सेना, दीपक गुप्ता, जीतू खंडेलवाल, अब्दुल बासित, दानवीर यादव, सौरभ चक्रवर्ती और प्रत्यूष यादव आदि मौजूद रहे।
