पीलीभीत: खेत पर गई किशोरी को कुत्तों ने नोंचकर मार डाला
पीलीभीत,अमृत विचार। खेत से धनिया तोड़ने गई किशोरी को कुत्तों के झुंड ने नोंच-नोंचकर मार डाला। परिजनों में कोहराम मच गया। हिंसक आवारा कुत्तों को लेकर ग्रामीणों में दहशत है। थाना जहानाबाद के गांव बगवा निवासी धर्मपाल मौर्या की 13 वर्षीय पुत्री नेहा मौर्या मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर से करीब एक किलोमीटर …
पीलीभीत,अमृत विचार। खेत से धनिया तोड़ने गई किशोरी को कुत्तों के झुंड ने नोंच-नोंचकर मार डाला। परिजनों में कोहराम मच गया। हिंसक आवारा कुत्तों को लेकर ग्रामीणों में दहशत है।
थाना जहानाबाद के गांव बगवा निवासी धर्मपाल मौर्या की 13 वर्षीय पुत्री नेहा मौर्या मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में धनिया तोड़ने गई थी। वहां पांच-छह कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और नोंचना शुरू कर दिया। नेहा चीखती रही और कुत्ते उसे नोचते रहे।
नेहा की चीख पुकार सुन पड़ोस में ही खेत में आलू में दवा छिड़क रहे चौकीदार महेंद्रपाल की नजर पड़ी तो उसने शोर मचाया। शोर सुनकर लाठी-डंडे लेकर ग्रामीण पहुंचे तब तक नेहा को मौत हो चुकी थी। बच्ची की मौत से परिजनों का हाल बेहाल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इधर, इस घटना के बाद से ग्रामीणों में इन हिंसक आवारा कुत्तों को लेकर भय पैदा हो गया। अपने बच्चों की सुरक्षा की चिंता उन्हें सताने लगी है।
एसपी जयप्रकाश ने बताया कि डीएम पुलकित खरे ने मामले में डीएफओ से बात की है। जितने कुत्ते हैं वहां से हटाने की बात कही गई है। हिंसक जंगली कुत्तों को ट्रेस करवाया जा रहा है। डीएम पुलकित खरे ने मामले को गंभीरता से लिया और ग्राम पंचायत सचिव, चौकीदार, ग्राम प्रधान, लेखपाल से घटना बावत स्पष्टीकरण तलब किया है।
