बरेली: आजम खां के रिश्तेदार को गिरफ्तार नहीं कर रही पुलिस
अमृत विचार, बरेली। बारादरी की रहने वाली एक महिला ने सपा नेता आजम खान के रिश्तेदार पर तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि इस मामले में पुलिस आरोपियों से मिलकर उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न करके गिरफ्तारी भी नहीं कर रही है। साथ ही महिला ने पुलिस पर …
अमृत विचार, बरेली। बारादरी की रहने वाली एक महिला ने सपा नेता आजम खान के रिश्तेदार पर तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि इस मामले में पुलिस आरोपियों से मिलकर उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न करके गिरफ्तारी भी नहीं कर रही है। साथ ही महिला ने पुलिस पर जबरन समझौता करने का आरोप लगाकर एसएसपी कार्यालय में शिकायत की है। महिला की शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए है।
बारादरी थाना क्षेत्र के कांकरटोला निवासी सूफिया खान ने बताया कि उसका निकाह सात माह पहले सैलानी के रहने वाले फाहद अली के साथ हुआ था। महिला के मुताबिक उसके पति सपा के पूर्व मंत्री और सांसद आजम खां के समधी का भांजा है। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी ससुराल के लोग कम दहेज लाने की बात कहकर प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर महिला को पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। इसके बाद महिला ने पति समेत ससुराल के लोगों पर तलाक और दहेज का मुकदमा दर्ज कराया था।
महिला ने बताया कि दो माह बाद भी पुलिस ने इस मामले में अभी तक उसके बयान दर्ज नहीं किए। आरोपी अभी भी लगातार खुलेआम घूमकर सपा सरकार आने के बाद मुकदमा खत्म कराने की धमकी दे रहे हैं। वहीं, महिला ने एसएसपी कार्यालय में एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार वाजपेयी को बताया कि बारादरी इंस्पेक्टर उसे थाने बुलाकर मुकदमे में समझौते करना का दबाव बना रहे हैं।
बारादरी इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने बताया कि महिला सूफिया की ओर से हुये तीन तलाक के मुकदमें से पहले ही उसके पति फाहद की ओर से डकैती व हत्या के प्रयास का मुकदमा महिला और उसके परिवार पर हुआ था। जिसकी विवेचना वह स्वयं कर रहे हैं और महिला की ओर से लिखाये गये मुकदमें की विवेचना शहामतगंज चौकी इंचार्ज राजेन्द्र सिंह सिरोही कर रहे हैं। महिला के जो आरोप हैं वे सरासर गलत है।
