मुरादाबाद: 23 प्रशिक्षु दरोगा हुए सम्मानित, अंकित बने सर्वांग सर्वोत्तम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। डाक्टर भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में एक साल से कानून की बारीकियों का प्रशिक्षण हासिल कर चुके 218 दारोगा शुक्रवार को होने वाली पासिंग आउट परेड के बाद यूपी पुलिस के बेड़े में शामिल होंगे। पासिंग आउट परेड से पहले अकादमी में इनडोर व आउटडोर में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 23 प्रशिक्षुओं को …

मुरादाबाद,अमृत विचार। डाक्टर भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में एक साल से कानून की बारीकियों का प्रशिक्षण हासिल कर चुके 218 दारोगा शुक्रवार को होने वाली पासिंग आउट परेड के बाद यूपी पुलिस के बेड़े में शामिल होंगे। पासिंग आउट परेड से पहले अकादमी में इनडोर व आउटडोर में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 23 प्रशिक्षुओं को गुरुवार को सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले इटावा के अंकित यादव को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। वह आउटडोर कोर्स में भी अव्वल रहे, जबकि इनडोर में देवरिया के प्रशांत सिंह अव्वल रहे। सम्मान समारोह के दौरान अकाडमी के एडीजी राजीव कृष्ण ने सभी को कानून, नैतिकता व जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया।

कांठ रोड स्थित अकादमी में 30 दिसंबर 2019 को मृतक आश्रित कोटे के कुल 221 युवाओं ने दारोगा का प्रशिक्षण हासिल करने के लिए आमद कराई थी। किन्हीं कारणों से तीन प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण बाधित हो गया। जबकि अन्य लगातार कानून की बारीकियां सीखते रहे। सभी प्रशिक्षुओं का 31 दिसंबर को प्रशिक्षण पूरा हो चुका था। इसके बाद से पासिंग आउट परेड की तैयारियां शुरू हो गई थी। पहले संभावना जताई जा रही कि इस परेड में सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रह सकते हैं, हालांकि शासन स्तर से मंजूरी नहीं मिल सकी।

23 प्रशिक्षु दारोगाओं को एडीजी ने किया सम्मानित
शुक्रवार को होने वाली पासिंग आउट परेड से पहले डा. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में होनहार प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। इनडोर व आउटडोर कोर्स में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 23 प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। इटावा के अंकित यादव को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। जबकि इनडोर कोर्स में देवरिया के प्रशांत सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। सम्मान समारोह के बाद एडीजी राजीव कृष्ण ने सभी को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि विवेचक के रूप में जो दारोगा को ताकत मिलती है, उसका सही प्रयोग करने की जरूरत है। विवेचक की जरा सी लापरवाही केस को मोड़ देती है। फील्ड में हम जैसा काम करते हैं, उससे ही पुलिस की छवि बनती है। लिहाजा दारोगा को अपना व्यवहार भी सही रखने की जरूरत है। हमेशा बेहतर करने की कोशिश करें, क्योंकि कोशिश करने वाले की हार नहीं होती है। साथ ही उन्होंने बताया कि शुक्रवार को होने वाली पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में डीजी ट्रेनिंग सुजानवीर सिंह शिरकत करेंगे।

जबकि परेड में प्रथम कमांडर की जिम्मेदारी गाजीपुर के चंदन प्रजापति, द्वितीय की सुल्तानपुर के नदीम अली और तृतीय की इटावा जिले के भरथना के मुकुल यादव की होगी। सम्मान समारोह में डीआईजी पूनम श्रीवास्तव, एसपी राजेश कुमार, एएसपी मोनिका चड्ढा, विधि संकाय अध्यक्ष रूबी यादव, सीओ जटाशंकर राय, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी राजकुमार सिंह, शमशाद हसन, एपी शर्मा, महीपाल सिंह और मोहम्मद कासिम आदि मौजूद रहे।

आईपीएस अफसर बनने की है तमन्ना: अंकित
मुरादाबाद। सर्वांग सर्वोत्तम चुने गए इटावा जिले के सैफई के अंकित यादव की तमन्ना आईपीएस अफसर बनने की है। उनका कहना है कि इसके लिए वह लगातार प्रयासरत रहेंगे। हालांकि दारोगा बनने पर उन्होंने खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि मथुरा में पोस्टिंग के दौरान उनके पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

नौकरी के साथ ही करते रहेंगे परीक्षा की तैयारी: प्रशांत
मुरादाबाद। देवरिया निवासी प्रशांत कुमार ने दरोगाओं की ट्रेनिंग के दौरान इनडोर विषयों में बेहतर प्रदर्शन किया। जिस कारण वह अव्वल घोषित किए गए। प्रशांत ने बताया कि ड्यूटी के साथ ही वह सिविल परीक्षाओं की तैयारी करते रहेंगे। प्रशिक्षण के दौरान मिली खास सीख के संबंध में उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना ही प्राथमिकता होगी।

इनको भी मिला सम्मान
मुरादाबाद। सम्मान समारोह में सर्वांग सर्वोत्तम और इनडोर टापर के अलावा विभिन्न विषयों पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य दारोगाओं को भी शामिल किया गया। जिसमें प्रदीप सिंह, सलमान अली, विपिन कुमार, शशांक राय, शशिकांत सिंह, विपिन कुमार पांडेय, आशीष यादव, राहुल कुमार, सौरभ प्रताप सिंह, जितेंद्र सिंह, सूर्यकांत त्रिपाठी, चंदन प्रजापति, कृष्ण कुमार, विनय कुमार यादव, शिवा सिंह, राहुल शर्मा, संदीप कुमार शर्मा और मुकुल यादव भी शामिल रहे।

 

संबंधित समाचार