मुरादाबाद: यूपी पुलिस को मिले 218 दरोगा, पासिंग आउट परेड के बाद ग्रहण कराई शपथ
मुरादाबाद। फोर्स की कमी से जूझ रही यूपी पुलिस के लिए राहत भरी खबर है। यूपी पुलिस के बेड़े में 218 दारोगा शुक्रवार को शामिल हो गए। डा. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में 218 प्रशिक्षु दारोगाओं की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया। वर्ष 2020 बैच के सभी प्रशिक्षु मृतक आश्रित कोटे से आए थे। एक …
मुरादाबाद। फोर्स की कमी से जूझ रही यूपी पुलिस के लिए राहत भरी खबर है। यूपी पुलिस के बेड़े में 218 दारोगा शुक्रवार को शामिल हो गए। डा. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में 218 प्रशिक्षु दारोगाओं की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया। वर्ष 2020 बैच के सभी प्रशिक्षु मृतक आश्रित कोटे से आए थे। एक साल तक चले प्रशिक्षण के बाद डीजी ट्रेनिंग सुजानवीर सिंह ने परेड की सलामी लेने के बाद सभी को कर्तव्य निष्ठा और अनुशासन की शपथ दिलाई। साथ ही उनको कार्यक्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, व्यवहार व नैतिकता का पाठ पढ़ाया।
प्रशिक्षण के दौरान हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले इटावा जिले के सैफई निवासी अंकित यादव को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। जबकि इनडोर विषयों में देवरिया के प्रशांत कुमार अव्वल रहे। मुख्य अतिथि ने बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मेडल देकर सम्मानित किया।
भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में 221 दारोगाओं का प्रशिक्षण 30 दिसंबर 2020 को शुरू हुआ था। बीच में तीन प्रशिक्षु किन्हीं कारणों से बीच में प्रशिक्षण छोड़कर चले गए। कुल मिलाकर 218 प्रशिक्षुओं ने अपना प्रशिक्षण पूरा किया। आठ जनवरी को होने वाली पासिंग आउट परेड का आयोजन भव्य तरीके से करने की तैयारी चल रही थी।
कदमताल मिलाकर ली कर्तव्य निष्ठा की शपथ
पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में डीजी ट्रेनिंग सुजानवीर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। करीब दस बजे दीक्षांत परेड की सलामी ली। इसके बाद प्रशिक्षण हासिल कर चुके दारोगाओं की जबरदस्त कदमताल देखने को मिली। दर्शक दीर्घा में बैठे लोग भी उनका तालियां बजाकर उत्साह बढ़ा रहे थे। मुख्य अतिथि ने कर्तव्य निष्ठा व अनुशासन की शपथ दिलाई। साथ ही कहा कि कोविड-19 के नियमों के बीच प्रशिक्षण पूरा कराना काबिले तारीफ है। साइबर क्राइम समेत करीब 20 विषयों पर प्रशिक्षण कराया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण हासिल करने के बाद अब सभी यूपी पुलिस का अहम हिस्सा बन गए हैं। दारोगा पुलिस की रीढ़ होता है, लिहाजा क्षेत्र में अपनी अच्छी पहचान बनाएं। प्रशिक्षण के दौरान इनडोर व आउटडोर विषयों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले इटावा जिले के सैफई स्थित कांटीहार निवासी अंकित यादव को सर्वांग सर्वोत्तम चुना गया। जबकि इनडोर विषयों में देवरिया के प्रशांत कुमार अव्वल रहे। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक पीटीसी बृजराज मीना, आईजी शिव शंकर सिंह, डीआईजी पूनम श्रीवास्तव, एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी राजेश कुमार और एएसपी मोनिका चड्ढा आदि मौजूद रहे।
पासिंग आउट परेड के बाद खिले प्रशिक्षुओं के चेहरे
करीब एक साल का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अकादमी में पासिंग आउट परेड का आयोजन भव्य तरीके से करने की तैयारियां चलने लगी थी। पहले संभावना जताई जा रही थी कि परेड की सलामी लेने के लिए सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ भी आ सकते हैं, हालांकि प्रयासों के बाद भी शासन स्तर से मंजूरी नहीं मिल सकी। शुक्रवार को दिन निकलने के साथ ही परेड की तैयारियां शुरू हो गई थी। ग्राउंड को बेहतरीन तरीके से सजाया गया था। निर्धारित वक्त पर मुख्य अतिथि डीसी ट्रेनिंग सुजानवीर सिंह ने परेड ग्राउंड पहुंचकर सलामी ली। इसके बाद कदमताल करते हुए प्रशिक्षण हासिल कर चुके दारोगाओं ने सभी को तालियां बटोरी।
बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सम्मानित
पासिंग आउट परेड के बाद मुख्य अतिथि सुजानवीर सिंह ने सर्वांग सर्वोत्तम चुने गए अंकित यादव के अलावा प्रशांत कुमार, मुकुल यादव और चंदन प्रजापति को मेडल देकर सम्मानित किया। परेड खत्म होने के बाद जश्न का माहौल रहा। दारोगाओं ने परेड ग्राउंड पर ही झूमकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान तमाम प्रशिक्षुओं के परिजन भी ग्राउंड पर थे। किसी ने परिजनों संग सेल्फी खींचकर तो किसी ने पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इतना ही नहीं एक साल से साथ रह रहे प्रशिक्षुओं ने एक-दूसरे को गले से लगाकर बधाई दी।
यादगार पल को कैमरे में कैद करने की होड़
इस यादगार पल को प्रशिक्षण हासिल कर चुके दारोगाओं ने खास बनाने की हरसंभव कोशिश की। ग्रुप फोटो के साथ ही वह अपने गुरुओं के साथ सेल्फी खींचने लगे। कुछ ने अपने भविष्य के सपने भी साझा किए। प्रशांत का कहना था कि वह ड्यूटी करने के साथ ही सिविल सर्विसेज की तैयारी करता रहेगा। चंदन प्रजापति का कहना था कि पूरी ईमानदारी से ड्यूटी करने के साथ ही पीड़ितों को न्याय दिलवाना उसकी प्राथमिकता होगी।
सम्मान पाने वाले प्रशिक्षु
1-आधुनिक भारत में पुलिस पुलिस संगठन एवं पुलिस कार्य पद्धति – प्रदीप सिंह
2-पुलिस रेगुलेशन – शशिकांत सिंह।
3- जघन्य एवं विशेष अपराधों की विवेचना- विपिन कुमार पाण्डेय।
4- भारतीय साक्ष्य अधिनियम, संविधान एवं मानवाधिकार -विपिन कुमार।
5- स्थानीय एवं विशेष अधिनियम -आशीष यादव
6- भारतीय दंड संहिता -सलमान अली
7- दंड प्रक्रिया संहिता -शशांक राय।
8- पुलिस की छवि व्यवहार व संवाद कौशल- सौरभ प्रताप सिंह।
9- कंप्यूटर साइंस व साइबर क्राइम- सौरभ प्रताप सिंह।
10- थाना प्रबंधन अपराध नियंत्रण व शांति व्यवस्था- जितेंद्र सिंह।
11- विधि विज्ञान एवं चिकित्सा शास्त्र -सूर्यकांत त्रिपाठी।
12- अपराध शास्त्र, पुलिस मनोवृति, नेतृत्व कौशल -राहुल कुमार
वाह्य विषयों के टॉपर
1- शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण -अंकित यादव।
2- योगासन – विनय कुमार यादव।
3-फील्ड क्राफ्ट एंड प्रैक्टिस मैप रीडिंग रूट मार्च व जंगल ट्रेनिंग- कृष्ण कुमार यादव।
4- शस्त्र प्रशिक्षण सत्र प्रशिक्षण रात्रि फायरिंग सहित- अंकित यादव।
5-यूएसी – अंकित यादव।
6-दिल प्रशिक्षण -चंदन प्रजापति।
7-घुड़सवारी – शिवा सिंह।
8- बाधा कोर्स- राहुल शर्मा।
9-विस्फोटकों का ज्ञान संदीप कुमार शर्मा।
10- एक मिनट ड्रिल मुकुल यादव।
