बरेली: चंद्रपुर बिचपुरी में 600 मकान तोड़ने को बीडीए तैयार, ग्रामीणों ने मांगा इंसाफ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की अतिक्रमण के खिलाफ चली कार्रवाई में दो धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने के बाद चंद्रपुर बिचपुरी के ग्रामीण भयभीत हो गए हैं। क्षेत्र में छोटे-बड़े मिलाकर 600 मकान बने हैं। मकानों को तोड़ने के लिए बीडीए ने ग्रामीणों को नोटिस भी जारी कर दिए हैं। शनिवार को …

अमृत विचार, बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की अतिक्रमण के खिलाफ चली कार्रवाई में दो धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने के बाद चंद्रपुर बिचपुरी के ग्रामीण भयभीत हो गए हैं। क्षेत्र में छोटे-बड़े मिलाकर 600 मकान बने हैं। मकानों को तोड़ने के लिए बीडीए ने ग्रामीणों को नोटिस भी जारी कर दिए हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कलेक्ट्रेट पहुंचे और बीडीए की कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी की।

महिलाओं ने कहा कि हमारी क्या गलती है। मेहनत मजदूरी करके जमीन खरीद मकान बनवाए। जमीन की रजिस्ट्री भी हो गई। उन्हें क्या मालूम, इस जमीन को बीडीए ने अधिग्रहित कर लिया है। बीडीए ने न अधिग्रहित जमीन की तूदाबंदी कराई और न ही रजिस्ट्री पर रोक लगाई। रजिस्ट्री कार्यालय में एक भी बैनर तक नहीं लगा।

सावित्री ने बताया कि उनका चार बीघा खेत है। 30 साल से खेती करते आ रहे हैं। परिवार के लोगों ने उसी जमीन पर चार मकान बनाए हैं। बीडीए उस जमीन को अपना बता रहा है। वर्ष 2005 से लेकर वर्ष 2010 के बीच में इक्का-दुक्का मकान बने थे। तब बीडीए ने उन मकानों पर कार्रवाई नहीं की। उस वक्त कार्रवाई की गई होती तो वे लोग ठगे नहीं जाते, जिन लोगों ने बीडीए को जमीन बेचकर मोटी रकम ले ली। उन्हीं लोगों ने हमें दोबारा से जमीन बेच दी। ऐसी स्थिति में हम लोगों की क्या गलती है।

कई ग्रामीणों ने अभी तक जमीन का मुआवजा तक नहीं लिया है। 100 से अधिक ग्रामीणों का भूमि अर्जन पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन कोर्ट में अधिक मुआवजा लेने के लिए केस चल रहा है। उन लोगों के खेतों में मकान बने हुए हैं। बीडीए ने उन्हें भी तोड़ने का नोटिस दिया है।

रईस पाल, रमेश चंद्र, ओमप्रकाश, राकेश बाबू, संत राम, रामपाल, राम सेवक, गोदावरी, राखी, हरीश, अनिल, वीरवती, हरिओम मौर्य, सतीश कुमार, बबलू श्रीवास्तव, सुरेश पाठक, मोहन लाल आदि ने भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले नगर मजिस्ट्रेट मदन कुमार को ज्ञापन सौंपा। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने मकान तोड़े जाने पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है।

संबंधित समाचार