बरेली: लापता बच्ची मिली तो पुलिस ने कराई शॉपिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर से मंगलवार दोपहर जब 8 साल की बच्ची लापता हुई तो परिवार के साथ पुलिस के भी होश उड़ गई। छोटी बच्ची के साथ कोई अनहोनी न हो जाए, इसलिए पुलिस ने तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। पूरी रात पुलिस तनाव में रही और जब 18 घंटे …

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर से मंगलवार दोपहर जब 8 साल की बच्ची लापता हुई तो परिवार के साथ पुलिस के भी होश उड़ गई। छोटी बच्ची के साथ कोई अनहोनी न हो जाए, इसलिए पुलिस ने तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। पूरी रात पुलिस तनाव में रही और जब 18 घंटे बाद बुधवार सुबह बच्ची मिलने की जानकारी मिली तो पुलिस की जान में जान आ गई।

जिस वक्त बच्ची पुलिस को मिली तो वह घबरायी हुई थी। पुलिस उसका मन बहलाने के लिए बाजार लेकर गई और उसे स्वेटर भी खरीदकर दिया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी और मेडिकल कराने के बाद बच्ची को सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची को वापस पाकर परिजन उससे लिपट गए।

गणेशनगर निवासी रामचन्द्र कश्यप की 8 साल की बच्ची कक्षा दो में पढ़ती है। मंगलवार दोपहर में वह घर से पेंसिल लेने की बात कहकर निकली थी लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी तलाशने के बाद बच्ची नहीं मिली तो परिजनों ने सुभाषनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने वायरलेस के जरिए सभी थानों में मैसेज किए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी बच्ची की फोटो डालकर उसे खोजने की कोशिश की। बच्चियों के साथ पहले हुई घटनाओं के चलते एसपी सिटी भी मौके पर डॉग स्क्वायड के साथ पहुंचे लेकिन बच्ची का पता नहीं चला। सीओ द्वितीय साद मियां खां के नेतृत्व में 6 टीमें लगायी गई थीं।

गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली की बच्ची मिल गई तो जान में जान आयी। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि बच्ची भटकते हुए किला के रोठा गांव के पास एक नर्सरी के पास पहुंच गई थी। बच्ची को रोते हुए नर्सरी के चौकीदार ओमप्रकाश ने देखा तो वह उसे अपने घर लेकर गया। उसने गांव में इसकी सूचना दे दी। बच्ची को खाना खिलाया और गर्म कपड़े भी पहनाए। बच्ची परेशान न हो तो उसे अपने बच्चों के साथ खेलने भी दिया। सुबह गांव के होमगार्ड ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने बच्ची से पूछताछ के लिए उसे बाजार में घुमाया। बच्ची ने बताया कि वह नानी के घर के लिए निकली थी लेकिन भटक गई। उसे किसी ने बिस्कुट भी दिया था। जब पुलिस ने परिजनों ने नानी के घर के बारे में पूछा तो सामने आया कि घर फतेहगंज पूर्वी के गोविंदपुर में है। इससे आशंका है कि बच्ची भटकते हुए वहां पहुंच गई होगी। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराया। उसके साथ कोई भी गलत नहीं हुआ है।

संबंधित समाचार