बरेली: 25 केंद्रों के 49 सेशन में 4900 स्वास्थ्यकर्मियों के वैक्सीनेशन की तैयारी
अमृत विचार, बरेली। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण से स्थायी तौर पर बचाव करने के लिए लगाई जाने वाले कोरोना वैक्सीन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। जिले में अब 25 केंद्रों के 49 सेशन में 4900 स्वास्थ्यकर्मियों के वैक्सीनेशन कराए जाने की तैयारी है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को बैठक भी …
अमृत विचार, बरेली। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण से स्थायी तौर पर बचाव करने के लिए लगाई जाने वाले कोरोना वैक्सीन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। जिले में अब 25 केंद्रों के 49 सेशन में 4900 स्वास्थ्यकर्मियों के वैक्सीनेशन कराए जाने की तैयारी है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को बैठक भी की।
वहीं, जिलाधिकारी नितीश कुमार बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में वैक्सीनेशन से जुड़ी पहले चरण की तैयारियों पर चर्चा होगी। वहीं, कोविन एप, पंजीकरण से जुड़ी बुनियादी जानकारी भी साझा की जाएंगी।
यहां बता दें कि कोरोना संक्रमण को समाप्त करने के लिए पहले चरण का ट्रायल सफल हो चुका है। यहां राहत की बात यह है कि पहले चरण में शहर में वैक्सीन के दुष्प्रभाव संबंधी कोई केस भी सामने नहीं आए हैं। अब जिले में 22 जनवरी से पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों का वैक्सीनेशन मूल योजना के अनुसार होगा।
मंगलवार को स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों ने वैक्सीनेशन की तैयारियों के बारे में बैठक ली। तय हुआ कि 25 केंद्रों पर पंजीकृत लाभार्थियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इन केंद्रों पर 49 सेशन लगेंगे। चूंकि हर सेशन पर 100 स्वास्थ्य कर्मचारियों का वैक्सीनेशन होना प्रस्तावित है। ऐसे में शुक्रवार को करीब 4900 लोगों का वैक्सीनेशन करने की उम्मीद है।
यहां बता दें कि वैक्सीनेशन करने के लिए अब जो केंद्र तय किये जाएंगे, उनमें सबसे अहम जिला अस्पताल और राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज होंगे। ऐसा करने के पीछे खास वजह यह है कि दोनों स्थानों पर पर्याप्त संख्या में स्वास्थ्य कर्मी हैं। यही वजह है कि यहां एक से ज्यादा सेशन बनाए जाने की जरूरत होगी। इसके अलावा 11 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होंगे, जहां पहले ट्रायल हो चुका है, वो सभी आठ केंद्र भी शामिल होंगे। शहर के अन्य सरकारी व निजी अस्पताल होंगे।
