बरेली: औद्योगिक क्षेत्रों की खाली जमीनों पर भवन बनाएगा नगर निगम
अमृत विचार, बरेली। नगर निगम अपनी खाली भूमियों का उपयोग करने खाका तैयार कर चुका है। औद्योगिक क्षेत्रों में खाली भूमि पर भवन बनाए जाएंगे जबकि शहर में दो जगहों पर शॉपिंग माल बनाने की तैयारी की जा रही है। इसमें ईंट पजाया चौराहे के पास की भूमि पर पीपीपी माडल से कामर्शियल भवन का …
अमृत विचार, बरेली। नगर निगम अपनी खाली भूमियों का उपयोग करने खाका तैयार कर चुका है। औद्योगिक क्षेत्रों में खाली भूमि पर भवन बनाए जाएंगे जबकि शहर में दो जगहों पर शॉपिंग माल बनाने की तैयारी की जा रही है। इसमें ईंट पजाया चौराहे के पास की भूमि पर पीपीपी माडल से कामर्शियल भवन का निर्माण कराया जाएगा।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड और नगर निगम शहर की बेशकीमती भूमियों का उपयोग कर आर्थिक रूप से निगम को मजबूत बनाने का कार्य करने जा रहे हैं। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर के तांगा स्टैंड की भूमि पर मल्टीनेशनल भवन बनाएगा। इसके लिए निदेशक मंडल की बैठक में मंजूरी मिल गई है। इस जगह पर करीब दो हजार वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी। भवन के शेष हिस्से का व्यावसायिक रूप से उपयोग किया जाएगा।
इसी तरह औद्योगिक क्षेत्र में खाली जमीनों का उपयोग करने के लिए यूपीएसआईडी से एनओसी मांगी गई है। एनओसी मिलने के बाद भूमि पर निर्माण किया जाएगा जबकि ईंट पजाया चौराहे के पास स्थित नगर निगम की भूमि पर शापिंग माल बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसे पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत बनाया जाएगा जिससे नगर निगम के खजाने पर भार नहीं पड़ेगा।
इन जगहों पर भी है निगम की भूमि
बरेली। नगर निगम ने करीब 30 से 40 साल पहले रोजगार करने के लिए खाली जमीनें पर किराए पर दी थीं। इनमें से कई का किराया 2017 के बाद से जमा नहीं हुआ। कई जमीनों की आवंटन अवधि 2019 में ही समाप्त हो गई। ऐसी ही 31 बेशकीमती जमीनें हैं जो राजस्व अभिलेखों में दर्ज हैं।
इनमें मुख्य डाकघर पर तीन जगह, नैनीताल रोड, पुराना रोडवेज, कालीबाड़ी, आजमनगर में दो जगह, डेलापीर, निकट एलन क्लब, सिटी पोस्ट आफिस, जंक्शन के निकट, मोती पार्क, नावल्टी प्याऊ चार जगह, टाउन हाल, प्रभा टाकीज रोड, सिविल लाइंस में दो जगह, शास्त्री मार्केट पर दो जगह, तिलक इंटर कालेज रोड, मोती पार्क, इंटर कालेज रोड, कटरा चांद खां, जवाहर मार्केट के सामने, किला टीन शेड और चौकी चौराहे पर जमीन किराये पर दी गई है। इन जमीनों का ब्योरा नगर निगम जुटा रहा है।
औद्योगिक क्षेत्रों में खाली पड़ी भूमि को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत उपयोग किया जाएगा। इसके लिए एनओसी मांगी गई है। नगर निगम की भूमियों से अवैध कब्जा हटाया जा रहा है। तांगा स्टैंड पर व्यावसायिक भवन बनाया जाना है। – अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त
