राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनका स्मरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 30 जनवरी 1948 को नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की गोली मार कर हत्या कर दी थी। उनकी पुण्यतिथि को शहीद दिवस के तौर पर मनाया जाता है। राष्ट्रपति ने …

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनका स्मरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 30 जनवरी 1948 को नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की गोली मार कर हत्या कर दी थी। उनकी पुण्यतिथि को शहीद दिवस के तौर पर मनाया जाता है।

राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अमर-बलिदान के दिन कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से उनकी पुण्य स्मृति को मैं नमन करता हूं। शांति, अहिंसा, सादगी, साधनों की पवित्रता और विनम्रता के उनके आदर्शों का हमें पालन करना चाहिए। आइए हम उनके द्वारा दिखाए गए सत्य और प्रेम के मार्ग पर चलने का संकल्प लें।’’

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘महान बापू की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि। उनके आदर्श लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं। शहीद दिवस पर हम उन सभी महान महिलाओं और पुरुषों के बलिदान को याद करते हैं, जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता और प्रत्येक भारतीय की कुशलता के लिए खुद को समर्पित कर दिया।’’

उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू ने यहां जारी एक संदेश में कहा कि महात्मा गांधी ने समाज के दुर्बल वर्गों के उत्थान के लिए अथक प्रयास किए। उनके सिद्धांत और जीवन आज भी अखिल विश्व के कल्याण का मार्ग दीप्त करते हैं। उन्हें याद करते हुए, उनका अनुसरण करने का भी संकल्प लेना चाहिए। उपराष्ट्रपति ने कहा , “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उनकी पावन स्मृति में सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘सत्य, अहिंसा, धैर्य, साहस और सत्याग्रह। बड़ी से बड़ी शक्तियों को अप्रभावी करने वाले गांधी जी के ये सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जिनसे अधिकारों की कोई भी लड़ाई जीती जा सकती है। पूज्य बापू जी के स्मृति दिवस पर उन्हें कोटि कोटि नमन।’’

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि बापू कहते थे कि कमजोर कभी क्षमाशील नहीं हो सकता है। क्षमाशीलता ताकतवर की निशानी है। धैर्य का छोटा हिस्सा भी एक टन उपदेश से बेहतर है। इस मंत्र को बापू ने अपने जीवन में अक्षरश: उतारा भी। उन्होंने कहा कि बापू के क्षमा भाव, दृढ़ इच्छाशक्ति का ही परिणाम था कि देश उनके पीछे चला और अंग्रेजों को भारत छोड़कर जाना पड़ा। उनके योगदान को यह देश कभी भुला नहीं सकेगा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बापू के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम…’ का एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘सत्य लोगों के समर्थन के बिना भी खड़ा रहता है, वह आत्मनिर्भर है- महात्मा गांधी। बापू की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।’’

प्रियंका ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘‘गांधीजी ने कहा था जनता की राय की अवहेलना करने वाला शासक क्रूर होता है व कोई भी अन्यायपूर्ण कानून अपने आप में हिंसा का एक रूप है।’’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘‘गांधी जी की हत्या उनके विचारों की हत्या के उद्देश्य से भी की गई थी। लेकिन गांधी जी का सत्याग्रह आज पूरे भारत की ताकत है व हमारा दायित्व भी।’’

 

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर रामधारी सिंह दिनकर की कविता ट्विटर पर पोस्ट की, ‘‘जग मांग रहा है समाधान, क्यों बापू पर गोलियां चलीं ? आने वाली पीढ़ियां यही पूछेंगी, क्या उत्तर दूंगा? पहचानो, कौन चला जग से ? पापी! अब भी कुछ होश करो। मति नहीं अन्य, गति नहीं अन्य, इन चरणों को पकड़ो-पकड़ो।’’

सुरजेवाला ने यह कविता पोस्ट करने के साथ कहा, ‘‘यह बापू की पुण्यतिथि पर आज के शासकों के लिए है।’’ कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने भी राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘एकता की भावना तभी दीर्घकाल तक रह सकती है जब हम एक दूसरे के प्रति समर्पण एवं परोपकार का भाव रखेंगे। महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। उनका अहिंसा एवं सांप्रदायिक सौहार्द्र का आदर्श हमारे देश की समृद्धि के लिए मार्गदर्शन करते रहे।’’

‘महात्मा’ को आनंदीबेन और योगी ने दी पुष्पाजंलि
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 73वीं पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पाजंलि अर्पित कर अपनी कृतज्ञता का इजहार किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शहीद दिवस के अवसर पर राजभवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जीपीओ पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर जाकर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस अवसर पर उनके साथ कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक तथा महेंद्र सिंह भी थे।

योगी ने कहा कि गांधी जी के आदर्श रामराज्य की संकल्पना के निकट ले जाते हैं। यह एक भारत-श्रेष्ठ भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने गांधी प्रतिमा के समक्ष कुछ देर बैठकर पाठ भी किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने महात्मा गांधी तथा देश की आजादी से से जुड़े गीत गाये। लखनऊ के व्यस्तम हजरतगंज चौराहा पर सुबह 11 बजे कुछ देर के लिये यातायात रोक कर बापू को याद किया गया। सभी ने एक मिनट मौन रहकर उनको श्रद्धांजलि भी दी।

ताजा समाचार

अयोध्या: तीन दिनों तक गूंजेगीं मातम और नौहों की सदाएं, हजरत अली अलैहिस्सलाम की शहादत का मनाया जाएगा तीन दिवसीय शोक 
कानपुर से इटावा और झांसी जाना हुआ महंगा; इस दिन से कार व बस में यात्रा करने पर टोल प्लाजा में देने होंगे अब इतने रुपये
मुख्तार अंसारी की मौत की होगी न्यायिक जांच, एसीजेएम जांच अधिकारी नामित
कासगंज: बसौड़ा पूजन...माता शीतला का पूजन कर की आरोग्य की कामना, मंदिर पर लगी महिलाओं की भीड़
मुरादाबाद: 'मुख्तार अंसारी की मौत की SC के जज की निगरानी में हो जांच, अखिलेश पहचानें आस्तीन के सांप'
बिजनौर महात्मा विदुर की भूमि, यहां से बनती है भारत की पहचान...मुख्यमंत्री योगी ने प्रबुद्धजनों संग किया संवाद