बरेली: झगड़ों की चिंगारी दबाने की तैयारी, नाम जुड़वाने का मिला मौका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। 22 जनवरी को मतदाता अंतिम सूची के प्रकाशन के बाद त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दावेदारी करने वालों को लगा कि अब वह न तो किसी मतदाता का नाम जुड़वा और न ही साठगांठ से बनाए गए मतदाताओं के नाम कटवा सकेंगे। इससे गांवों में झगड़े की संभावनाओं को बल मिला। पुलिस प्रशासनिक …

अमृत विचार, बरेली। 22 जनवरी को मतदाता अंतिम सूची के प्रकाशन के बाद त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दावेदारी करने वालों को लगा कि अब वह न तो किसी मतदाता का नाम जुड़वा और न ही साठगांठ से बनाए गए मतदाताओं के नाम कटवा सकेंगे। इससे गांवों में झगड़े की संभावनाओं को बल मिला। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी गांवों की राजनीति को लेकर सक्रिय भी हो गए, लेकिन झगड़े की चिंगारी दबाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने दावेदारों को मतदाताओं के नाम जुड़वाने, आपत्ति दर्ज कराने के लिए एक और मौका दे दिया है।

दावेदार या अन्य कोई भी पंचायत चुनाव होने तक मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी के चुनाव होने के संबंध में नोटिस जारी करने तक लोग दावे, आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। ऐसी सहूलियत मिलने के बाद दावेदारों को बड़ी राहत मिली है।

उन्हें अपना वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए दो से ढाई माह का समय और मिल गया। 27 जनवरी को अपर निर्वाचन आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने समस्त जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) को पत्र लिखा है। उसी पत्र के आधार पर जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने जिले में इसे लागू करते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीके सिंह को दावे और आपत्तियों का निस्तारण कराने को कहा है।

किसी पात्र व्यक्ति का नाम दर्ज होने से छूट न जाए
राज्य निर्वाचन आयोग ने आदेश में कहा है कि त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों के वृहद् पुनरीक्षण के दौरान नियत समय तक प्राप्त दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया में यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि उत्तर प्रदेश पंचायतराज अधिनियम, 1947 तथा उत्तर प्रदेश पंचायतराज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली 1994 में दिए प्राविधानों के अनुसार संवीक्षा कराई जाए, ताकि किसी पात्र व्यक्ति का निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज होने से न छूट सके।

यदि किन्ही कारणों से पात्र व्यक्तियों का नाम निर्वाचक नामावली में छूट जाता है या त्रुटिपूर्ण होता है या अपात्र व्यक्ति का नाम सम्मिलित हो जाता है तो निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के बाद जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्वाचन की नोटिस जारी किए जाने के पूर्व तक की अवधि में नाम सम्मिलित करने, संशोधन एवं विलोपन के लिए नागरिकों द्वारा निर्धारित प्रारूप में आवेदन किया जा सकता है।

सपा व कांग्रेस नेता काट रहे निर्वाचन व मतदाता पंजीकरण केंद्र के चक्कर
बड़ी संख्या में दावेदार जिला निर्वाचन कार्यालय और तहसीलों में खोले गए मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर नाम दर्ज न होने और बीएलओ से साठगांठ कर फर्जी वोट बनवाने की शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। 15 से 20 शिकायतें प्रतिदिन पहुंच रही हैं। सपा व कांग्रेस पार्टी के नेताओं की ओर से ज्यादातर शिकायतें की जा रही हैं। कई नेता निर्वाचन कार्यालय व पंजीकरण केंद्रों के चक्कर भी लगाते नजर आ रहे हैं।

22 जनवरी तक जिले में मतदाताओं की कुल संख्या

विकास खंड पंचायत 2015 के मतदाता अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाता

  • क्यारा 44 123866 141289
  • भोजीपुरा 77 137605 159166
  • बिथरी चैनपुर 74 177488 205927
  • बहेड़ी 108 161456 181326
  • शेरगढ़ 89 155946 172517
  • दमखोदा 73 131508 141121
  • फरीदपुर 78 124916 137209
  • भुता 92 153565 167518
  • नवाबगंज 107 182689 203610
  • भदपुरा 79 114172 126361
  • मीरगंज 67 116891 129473
  • फतेहगंज पश्चिमी 67 108689 120999
  • आलमपुर जाफराबाद 92 150876 168507
  • मझगवां 87 156778 172959
  • रामनगर 59 109040 117966
  • कुल 1193 2105485 2345948

संबंधित समाचार