दिल्ली की किलेबंदी पर राहुल ने उठाए सवाल, कहा- क्या सरकार किसानों से डरती है?
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि सरकार को तीन नये कृषि कानूनों को वापस लेना होगा तथा समस्या का जल्द समाधान निकाला जाना चाहिए। उन्होंने यह सवाल भी किया कि सरकार दिल्ली में किलेबंदी क्यों कर रही है? कांग्रेस नेता ने संवादददाताओं से कहा, ”सबसे पहला सवाल यह है …
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि सरकार को तीन नये कृषि कानूनों को वापस लेना होगा तथा समस्या का जल्द समाधान निकाला जाना चाहिए। उन्होंने यह सवाल भी किया कि सरकार दिल्ली में किलेबंदी क्यों कर रही है? कांग्रेस नेता ने संवादददाताओं से कहा, ”सबसे पहला सवाल यह है कि सरकार किलाबंदी क्यों कर रही है? क्या ये किसानों से डरते हैं? क्या किसान दुश्मन हैं? किसान देश की ताकत है। इनको मारना, धमकाना सरकार का काम नहीं है। सरकार का काम बातचीत करना और समस्या का समाधान निकालना है।”
उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री कहते हैं कि प्रस्ताव बरकरार है कि कानूनों के क्रियान्वयन को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया जाए। मेरा मानना है कि इस समस्या का समाधान जल्द करना जरूरी है। किसान पीछे नहीं हटेंगे। अंत में सरकार को पीछे हटना पड़ेगा। इसमें सबका भला है कि सरकार आज ही पीछे हट जाए।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि चीनी तथा किसानों को लेकर देश में कोई रणनीति नहीं है जिससे साबित होता है कि हमारे यहां नेतृत्व का अभाव हो गया है और देश को संभालने की दृष्टि नेतृत्व में नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति को संभाल नहीं पा रही है। गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी थी कि कोई भी तत्व लालकिला पर नहीं जा पाता लेकिन सरकार असफल साबित हुई है इसलिए उपद्रवी तत्वों ने लालकिला पर जाकर उपद्रव किया है। इस मामले में सरकार को जांच पड़ताल करनी चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि बजट में सरकार ने देश की जनता की अनदेखी की है। देश के 99 प्रतिशत लोगों को समर्थन देने की बजाए सिर्फ एक प्रतिशत लोगों की मदद के लिए बजट 2021-22 को तैयार किया गया है। सरकार ने किसानों, छोटे उद्यमियों, सेना तथा अन्य प्रमुख क्षेत्र के लोगों का पैसा सिर्फ चार पांच वर्गाें को फायदा देने और उनको पैसा देने के लिए बजट में व्यवस्था की है।
