बरेली: पुलिस से बेखौफ चोर ने महिला कांस्टेबल की नौकरानी की गर्दन में घोंप दिया सूजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। पुरानी पुलिस लाइन में आधी रात को चोरी करने के इरादे से घुसा चोर नौकरानी के जागने पर घबरा गया। उसने नौकरानी की गर्दन में सूजा घोंप दिया और मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में चोर ने सूजा …

अमृत विचार, बरेली। पुरानी पुलिस लाइन में आधी रात को चोरी करने के इरादे से घुसा चोर नौकरानी के जागने पर घबरा गया। उसने नौकरानी की गर्दन में सूजा घोंप दिया और मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में चोर ने सूजा मारने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। सीतापुर की रहने वाली पिंकी बेबी बरेली में यूपी 112 पर तैनात है। उनके पति कुलदीप कुमार पुलिस मॉडर्न स्कूल पुलिस लाइन सीतापुर में रहते हैं। पिंकी अपने बच्चे की देखभाल के लिए गांव से महिला लेकर आई है जिसका नाम पिंकी है। वह बेबी के ही घर में रहती है और नौकरानी का काम भी करती है।

पिंकी बेबी बुधवार रात को ड्यूटी पर गई थी। रात करीब दो बजे एक चोर उनके घर में घुस आया। आहट सुनकर वह जाग गई। इससे पहले वह शोर मचा पाती चोर ने उसकी गर्दन में सूजा घोंप दिया और वहां से फरार हो गया। इसकी जानकारी होने पर कॉलोनी के लोग जाग गए और घायल पिंकी को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने सूजा बाहर निकाला।

डाक्टरों का कहना है कि अब पिंकी की हालत खतरे के बाहर है। पुलिस ने दोपहर में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह सुभाषनगर का रहने वाला है और उसका नाम मुन्ना है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शुक्रवार को उसे जेल भेजा जाएगा।

ट्रैफिक पुलिसकर्मी की पत्नी ने सुनी रोने की आवाजें
पुलिस लाइन में घटना होने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले एक ट्रैफिक पुलिस कर्मी की पत्नी ने क्वार्टर से एक युवती के रोने की आवाजें सुनीं तो वह जाग गई। इसके बाद उन्होंने पति को उठाया। जाकर देखा तो क्वार्टर में ताला पड़ा था। इस पर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर महिला सिपाही को सूचना दी गई। उसने दरवाजा खोला और युवती को निजी अस्पताल ले जाया गया। घायल महिला सुबह तक किसी से कुछ नहीं बोल सकी।

चोर ने नौकरानी पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को उसे जेल भेजा जाएगा। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार