मुरादाबाद: तलाकशुदा महिला शिक्षक की संदिग्ध हालात में मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में तलाकशुदा महिला शिक्षक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव बंद कमरे में फंदे पर लटका पाया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा गया है। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में तलाकशुदा महिला शिक्षक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव बंद कमरे में फंदे पर लटका पाया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा गया है। इस दौरान परिवार वाले शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते रहे। उन्होंने मीडिया से भी दूरी बनाए रखी। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के नवीन नगर में रहने वाले सुनील के परिवार में पत्नी क्षमा के अलावा दो बेटी सुचि भारद्वाज उर्फ बुलबुल व रुचि भारद्वाज उर्फ चिंकी तथा एक बेटा गौरांग है। लगभग सात साल पहले सबसे बड़ी बेटी सुचि भारद्वाज का विवाह लखनऊ निवासी देवेश श्रीवास्तव के साथ हुआ था। देवेश पेशे से एमआर हैं। लगभग छह साल पूर्व सुचि का पति से तलाक हो गया था। इसके बाद वह अपनी मासूम पुत्री को लेकर मुरादाबाद आ गई। वह पहले दिल्ली में रहकर शिक्षक की नौकरी करती थी। दो महीने से वह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार स्थित आकाश ग्रीन अपार्टमेंट में किराए का फ्लैट लेकर रह रही थी। बेटी को वह अक्सर मायके में छोड़ देती थी। शनिवार की दोपहर उसका भाई गौरांग अचानक उससे मिलने पहुंचा तो दरवाजा बंद था। उसके अनुसार उसने आवाज लगाई तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर वह फ्लैट के पीछे स्थित खिड़की पर पहुंचा। अंदर झांका तो उसकी चीख निकल गई। देखा कि सुचि छत के कुंडे में फंदे पर लटकी थी।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को उतारा
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। इस बीच उसके पिता सुनील भी पहुंच गए। परिजनों ने मीडिया को न तो कुछ बताया, न ही फ्लैट में घुसने दिया। इतना ही नहीं परिजन सुचि के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने के लिए भी पुलिस पर लगातार दबाव बनाते रहे। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे सीओ सिविल लाइंस/एएसपी अनिल कुमार यादव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाया गया है, ताकि मौत का सही कारण पता लग सके।
किसी को नहीं हो रहा आत्महत्या पर विश्वास
अपार्टमेंट में रहने वाली महिलाओं ने बताया कि उन्हें सुचि द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात पर कतई विश्वास नहीं हो रहा है। वह बेहद हंसमुख महिला थी। वह दूसरे लोगों को मोटिवेट करती थी] ऐसे में उसके द्वारा आत्महत्या करना किसी के भी गले नहीं उतर रहा है। इसके अलावा घटनास्थल पर मृतका के परिजनों का अजीब व्यवहार, मीडिया से दूरी बनाना, मीडिया को घटनास्थल तक न जाने देना भी तमाम सवाल खड़े कर रहा है। इससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
एएसपी अनिल कुमार यादव
दोपहर के समय पुलिस को महिला द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर देखा तो महिला फांसी फंदे पर लटकी थी। मौके पर फारेंसिक टीम से जांच कराई गई । शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसकी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
