अयोध्या: मौनी अमावस्या के दूसरे दिन भी उमड़ी राम की नगरी में श्रद्धालुओं की भीड़
अयोध्या, अमृत विचार। मौनी अमावस्या के दूसरे दिन भी राम नगरी श्रद्धालुओं से गुलजार नजर आई। श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन को शुक्रवार को यातायात डायवर्जन लागू रखना पड़ा। प्रयागराज हाईवे से गोरखपुर हाईवे तक वाहन रेंगने को मजबूर हुए। हालांकि हाईवे की एक पटरी पर आवागमन सुचारू रूप से जारी रहा। पारंपरिक …
अयोध्या, अमृत विचार। मौनी अमावस्या के दूसरे दिन भी राम नगरी श्रद्धालुओं से गुलजार नजर आई। श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन को शुक्रवार को यातायात डायवर्जन लागू रखना पड़ा।
प्रयागराज हाईवे से गोरखपुर हाईवे तक वाहन रेंगने को मजबूर हुए। हालांकि हाईवे की एक पटरी पर आवागमन सुचारू रूप से जारी रहा। पारंपरिक रूप से राम नगरी के आसपास के क्षेत्र तथा आसपास के जनपदों के श्रद्धालु प्रयागराज स्थित माघ मेले के विभिन्न पर्वों और स्नानों में शामिल होने के बाद वापस लौटते है। वापस लौट रहे श्रद्धालु राम नगरी में रुक कर मोक्षदायिनी सरयू में स्नान दान करते हैं तथा विभिन्न मठ मंदिरों में दर्शन पूजन के बाद अपने गंतव्य को रवाना होते हैं।
बता दें कि मौनी अमावस्या पर गुरुवार को राम नगरी के आसपास के जिलों के ऐसे श्रद्धालु जो किन्ही कारणों से गंगा स्नान के लिए प्रयागराज स्थित माघ मेले में नहीं जा पाए थे। वो राम नगरी पहुंचे थे। जिसके चलते मौनी अमावस्या पर राम नगरी गुलजार नजर आई थी।
शुक्रवार को वाहनों का रेला टोल प्लाजा पारकर लखनऊ गोरखपुर हाईवे पर पहुंचा तो इस हाइवे के भी एक पटरी पर जाम के हालात बन गए। जगह-जगह सड़क किनारे श्रद्धालुओं की ओर से अपने वाहन पार किए जाने के चलते कई घंटे तक जाम के हालात रहे और वाहन हाईवे पर रेंगते नजर आए।
वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर अयोध्या जिला प्रशासन ने शुक्रवार को भी राम नगरी में श्री राम चिकित्सालय, अयोध्या नया घाट, राम घाट चौराहा, साकेत पेट्रोल पंप समेत अन्य एंट्री प्वाइंटों से वाहनों का राम नगरी में प्रवेश प्रतिबंधित रखा।
माघ मेले में मोनी अमावस्या का स्नान कर लौटे श्रद्धालुओं ने सरयू में स्नान दान किया और विभिन्न मठ मंदिरों में दर्शन पूजन के बाद वापस अपने घर को रवाना हुए। दूसरी पहर हाईवे से लेकर रामनगरी तक श्रद्धालुओं के भीड़ का दबाव कम होता नजर आया और अब आवागमन पटरी पर लौटने लगा है।
