बरेली: आईएमए की भूतपूर्व महिला अध्यक्ष डा. सुधा गुप्ता का निधन
अमृत विचार, बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, बरेली की एकमात्र भूतपूर्व महिला अध्यक्ष व स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधा गुप्ता का 78 वर्ष की उम्र में शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन से बरेली के चिकित्सा जगत में शोक व्व्याप्त है। आईएमए उपाध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल ने बताया कि डॉ. सुधा गुप्ता रामपुर …
अमृत विचार, बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, बरेली की एकमात्र भूतपूर्व महिला अध्यक्ष व स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधा गुप्ता का 78 वर्ष की उम्र में शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन से बरेली के चिकित्सा जगत में शोक व्व्याप्त है। आईएमए उपाध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल ने बताया कि डॉ. सुधा गुप्ता रामपुर गार्डन स्थित अपने निजी अस्पताल में बैठती थीं।
पिछले तीन वर्ष से वह घर पर ही रहती थीं। उन्हें सांस और छाती में संक्रमण था। उनके पति मोहन आनंद गुप्ता, बेटा डॉ. (पीडियाट्रिक सर्जन) पल्लव गुप्ता, पुत्रवधू (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) हैं। उन्होंने बताया कि उनके निधन से बरेली चिकित्सा क्षेत्र को बड़ी क्षति पहुंची है। वह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थीं। उनका निधन उनके निवास पर ही हुआ है।
डॉक्टर सुधा गुप्ता मैम एक कुशल गायनकॉलिजस्ट ही नहीं बल्कि आईएमए बरेली की एकमात्र भूतपूर्व महिला अध्यक्ष भी थीं। वह हमारी मार्गदर्शक थीं। उनका निधन खालीपन छोड़ गया है। पूरे आईएमए परिवार के लिए यह एक अपूर्णीय क्षति है। पूरा आईएमए लेडीज क्लब डा. सुधा मैम को श्रद्धासुमन अर्पित करता है। -डॉ. ऋ तु राजीव, अध्यक्ष, आईएमए लेडीज क्लब
डॉ. सुधा गुप्ता आईएमए परिवार की स्तंभ थीं। हमारी उम्र के काफी डाक्टर्स व समाज के अन्य व्यवसायी उनके हाथ की पैदाइश हैं। उन्होंने एक कुशल गायनकॉलिजस्ट के रूप में पहचान बनाई है। उनका जाना आईएमए ही नहीं वरन् पूरे बरेली शहर के लिए अपूर्णीय क्षति है। हम आईएमए परिवार की ओर से ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि डा. सुधा गुप्ता को अपने श्री चरणों में विशेष स्थान दें और पूरे परिवार, मित्रगण और बरेली वासियों को इस दुःख को सहने की शक्ति दें। -डॉ. राजीव गोयल, उपाध्यक्ष, आईएमए
यह न सिर्फ आईएमए बल्कि बरेली चिकित्सा क्षेत्र के लिए कभी न भरे जाने वाला स्थान रिक्त हुआ है। डा. सुधा गुप्ता आईएमए अध्यक्ष के कार्यकाल में जिस तरह सभी को साथ लेकर चलीं उसकी वजह से आज आईएमए मजबूत है। उनके निधन से दुखी हूं। -डॉ. मनोज कुमार, अध्यक्ष, आईएमए
डॉ. सुधा गुप्ता मैडम का निधन हम सब के लिए बेहद दुःखद है। एक अनुकरणीय व स्नेहपूर्ण शख़्सियत को हृदय से अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। -डॉ. मृदुला शर्मा, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, धर्मदत्त सिटी अस्पताल
डॉ. सुधा गुप्ता मैडम का निधन एक युग का अंत है। वह लगभग पांच दशक तक सबके लिए प्रेरणा स्रोत रहीं। मेरे परिवार से तो तो उनके छह दशक से संबंध रहे थे। उन्हें श्रद्धांजलि। -डॉ. अतुल अग्रवाल, बाल रोग विशेषज्ञ
