बरेली में 11 हजार युवा बनना चाहते हैं आईएएस-आईपीएस
अनिल कुमार, बरेली। मन में चाह तो थी कि तैयारी करके आईएएस-आईपीएस बना जाए लेकिन आर्थिक मजबूरी सपनों को पूरा ही नहीं होने दे रही थी। मुख्यमंत्री की अभ्युदय योजना के तहत जब मुफ्त कोचिंग का पता चला तो उनका भी मनोबल बढ़ गया और फिर क्या था, वेबसाइट पर पंजीकरण करा दिया। बरेली में …
अनिल कुमार, बरेली। मन में चाह तो थी कि तैयारी करके आईएएस-आईपीएस बना जाए लेकिन आर्थिक मजबूरी सपनों को पूरा ही नहीं होने दे रही थी। मुख्यमंत्री की अभ्युदय योजना के तहत जब मुफ्त कोचिंग का पता चला तो उनका भी मनोबल बढ़ गया और फिर क्या था, वेबसाइट पर पंजीकरण करा दिया।
बरेली में तीन स्थानों पर शुरू हो रही मुफ्त कोचिंग के लिए शनिवार रात 10 बजे तक 20 हजार छात्रों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 11 हजार ने सिविल सर्विस की परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है। इतनी संख्या में पंजीकरण देखकर अधिकारी भी हैरान हैं। 15 फरवरी को मुफ्त कोचिंग की शुरुआत का मुख्य कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज में होगा।
इस योजना का मकसद था कि आर्थिक रूप से कमजोर युवा महंगी कोचिंग की वजह से अपनी तैयारी नहीं कर पाते थे। इसके अलावा कुछ दूसरे शहरों में जाकर महंगी कोचिंग भी करते थे लेकिन सही मार्गदर्शन न मिलने पर वह परीक्षाओं में सफल नहीं हो पाते थे। जिस तरह से इस योजना के तहत वेबसाइट पर जाकर युवा सर्च कर रहे हैं और अपना पंजीकरण करा रहे हैं, उससे तो यही बात साबित हो रही है कि आर्थिक कमी और सही मार्गदर्शन न मिलने की वजह से युवा अपने पैर पीछे खींच लेते थे।
अभ्युदय योजना की वेबसाइट पर दो दिनों में 30 लाख से अधिक लोगों ने विजिट किया है। वेबसाइट पर यूपीएससी, एसएससी, बैंकिंग, जेईई, नीट समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पंजीकरण कराए गए हैं। अधिक संख्या में पंजीकरण होने के चलते वेबसाइट पर ही पंजीकरण कराने वालों का ऑनलाइन टेस्ट लिया गया। ऑनलाइन टेस्ट में पास होने वालों को ही भौतिक कक्षाओं में मुफ्त कोचिंग का मौका मिलेगा। सभी जिलों में यू-ट्यूब चैनल भी बनाए गए हैं जिन पर रिकार्डेड लेक्चर को अभ्यर्थी पढ़ सकते हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार रात 10 बजे तक 20 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया जिसमें सबसे ज्यादा पंजीकरण सिविल सर्विसेस के लिए 11 हजार हुए हैं। दूसरे नंबर पर नीट और जेईई के लिए करीब 6 हजार पंजीकरण हुए हैं। अन्य के लिए दो हजार के आसपास ही पंजीकरण हुए हैं। शनिवार को मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने नोडल अफसर संयुक्त शिक्षा निदेशक डा. प्रदीप कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ राजकीय इंटर कॉलेज में निरीक्षण किया।
