मुरादाबाद में कल 2600 जोड़ों को आशीर्वाद देंगे मुख्यमंत्री, 100 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
मुरादाबाद, अमृत विचार। वह घड़ी आ गई जब 2600 जोड़ियां सरकार के अभियान में एक दूजे की होंगी। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवदंपति को आशीर्वाद देंगे। दोनों को सुखद वैवाहिक जीवन की कामना के साथ विदा करेंगे। जिला प्रशासन आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जुटा है। नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, पंचायत राज विभाग, …
मुरादाबाद, अमृत विचार। वह घड़ी आ गई जब 2600 जोड़ियां सरकार के अभियान में एक दूजे की होंगी। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवदंपति को आशीर्वाद देंगे। दोनों को सुखद वैवाहिक जीवन की कामना के साथ विदा करेंगे। जिला प्रशासन आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जुटा है।
नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, पंचायत राज विभाग, बिजली विभाग, जल निगम और पुलिस महकमा के विभागाध्यक्ष दिल्ली रोड स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण कर लिए हैं। उखड़ी सड़कों की मरम्मत कर दी गई। अगल-बगल के गड्ढे भर दिए गए हैं। देर शाम यातायात नियमों को व्यवस्थित करने के लिए सड़क के किनारे सफेद पट्टियां बना दी गईं। श्रम विभाग में पंजीकृत कामगारों के बेटे-बेटियां सरकारी प्रबंध से शादी के बंधन में बधेंगे। सरकार का यह अनूठा प्रयास है।
उधर, कामगारों के घरों में खुशियां फैली हैं। किसी की बिटिया का निकाह होना है तो किसी श्रमसीकर की बेटी पति के गले में जय माल डालेगी। विधान पूर्वक और धार्मिक रिवाजों का पालन करते हुए मुरादाबाद में सामूहिक विवाह का अफसाना लिखा जाएगा। सभी शादी में शामिल होने की तैयारी में हैं।
दिन में एक बजे मुरादाबाद पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
वैवाहिक कार्यक्रम में संरक्षक के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दिन के एक बजे मुरादाबाद पहुंचेंगे। वह दोपहर बाद 2:50 पर यहां से रवाना होंगे। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री दिन के एक बजे विभिन्न विभागों की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। बुद्धि विहार स्थित आयोजन स्थल पर 2 बजे वह शादी समारोह में पहुंचेंगे और 30 मिनट यहां के आयोजन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद पार्टीजनों और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलने के बाद 2:50 पर रवाना हो जाएंगे। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। श्रम विभाग में पंजीकृत मजदूरों के पाल्यो को सरकार यह सहयोग दे रही है। दहेज के रूप में हर जोड़े की शादी में 75 हजार रुपए खर्च होंगे जबकि आयोजन की बाकी देनदारी भी जिला प्रशासन चुकाएगा।
