लखनऊ: यूपीपीसीएस 2019 का परिणाम जारी, मथुरा के विशाल सारस्वत ने किया टॉप
अमृत विचार, लखनऊ। यूपी लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने बुधवार को पीसीएस 2019 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। पीसीएस के 453 पदों के सापेक्ष 434 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित हुए हैं। बाकी पद योग्य अभ्यर्थी न मिलने से खाली रह गए हैं। परिणाम यूपीपीएससी की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। जारी परिणाम …
अमृत विचार, लखनऊ। यूपी लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने बुधवार को पीसीएस 2019 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। पीसीएस के 453 पदों के सापेक्ष 434 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित हुए हैं। बाकी पद योग्य अभ्यर्थी न मिलने से खाली रह गए हैं।
परिणाम यूपीपीएससी की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। जारी परिणाम के मुताबिक मथुरा के विशाल सारस्वत ने परीक्षा में टॉप किया है। प्रयागराज के युगांतर त्रिपाठी को दूसरा, लखनऊ की पूनम गौतम को तीसरा स्थान मिला है।
मुजफ्फरपुर (बिहार) के कुनाल गौरव ने चौथा और कांशीरामनगर की प्रियंका कुमारी ने पांचवां स्थान हासिल किया है। मऊ के अभिषेक कुमार सिंह छठवें, जौनपुर के सचिन सिंह सातवें, दिल्ली की नीलम यादव आठवें, वाराणसी के सिद्धार्थ पाठक को नौवां और दिल्ली की विकल्प को 10वां स्थान मिला है।
कुल 25 प्रकार के पदों पर मिलेगी तैनाती
आयोग के सचिव जगदीश ने बताया कि कुल 25 प्रकार के पदों के लिए उपलब्ध 453 रिक्तियों के सापेक्ष 434 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से सफल घोषित किया गया है। परीक्षा में सम्मिलित विस्तार सेवा अधिकारी श्रेणी 2 की एक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी की एक, जिला उद्यान अधिकारी श्रेणी 2 ग्रेड 1 की दो, लेखा एवं सम्प्रेक्षा अधिकारी की 6, विधि अधिकारी लोक निर्माण विभाग की चार, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक की एक, पशु चिकित्सा एंव कल्याण अधिकारी की दो तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी की दो रिक्तियां योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण खाली रह गई।
प्रोविजनल शब्द वाले अभ्यर्थियों के सामने ये विकल्प
अंतिम रूप से सफल घोषित जिन अभ्यर्थियों के सम्मुख प्रोविजनल शब्द लिखा है। निर्धारित समय में वांछित अभिलेख प्रस्तुत कर दें अन्यथा उनका अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा। सचिव के अनुसार परिणाम से संबंधित प्राप्तांक एवं श्रेणीवार/पदवार कटऑफ अंक की सूचनाएं शीघ्र वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। इसलिए इस संबंध में आरटीआई 2005 के तहत आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
पीसीएस 2020 का भी जल्द जारी होगा परिणाम
यूपी लोक सेवा आयोग पीसीएस-2020 मुख्य परीक्षा का परिणाम भी 25 फरवरी तक जारी कर सकता है। इसकी कॉपियों का मूल्यांकन जारी है। पीसीएस-2020 मेंस (मुख्य) परीक्षा 21 से 25 जनवरी तक प्रयागराज, लखनऊ व गाजियाबाद के 11 केंद्रों पर आयोजित किया गया था। इस भर्ती में 487 पद के सापेक्ष 5139 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
