बरेली: मंडलायुक्त बोले- बनेगा कुतुबखाना ओवरब्रिज, तकनीकी अनुमति मांगी

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। कुतुबखाना चौराहे पर ओवरब्रिज बनेगा। शुक्रवार को मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने यह स्पष्ट कर दिया। मंडलायुक्त बोले-ओवरब्रिज का निर्माण कराने के लिए तकनीकी अनुमति लेने को सेतु निगम की ओर से फाइल शासन में भेजी गई है। अनुमति मिलने के बाद सेतु निगम कार्य शुरू करेगा। कुतुबखाना चौराहे पर अंडरपास बनाने के …

अमृत विचार, बरेली। कुतुबखाना चौराहे पर ओवरब्रिज बनेगा। शुक्रवार को मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने यह स्पष्ट कर दिया। मंडलायुक्त बोले-ओवरब्रिज का निर्माण कराने के लिए तकनीकी अनुमति लेने को सेतु निगम की ओर से फाइल शासन में भेजी गई है। अनुमति मिलने के बाद सेतु निगम कार्य शुरू करेगा।

कुतुबखाना चौराहे पर अंडरपास बनाने के लिए किसी बाहरी एजेंसी से सर्वे कराने की जानकारी नहीं है। वैसे भी वहां अंडरपास नहीं बन पाएगा। ओवरब्रिज को बरेली स्मार्ट सिटी निदेशक मंडल बोर्ड की बैठक में अंतिम मंजूरी मिल गई। 136 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत हो चुका है।

इधर, ओवरब्रिज के विरोध को लेकर कई माह से व्यापारी लामबंद हैं। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, शहर विधायक डा. अरुण कुमार और मेयर डा. उमेश गौतम भी ओवरब्रिज के विवाद पर बैठक कर चुके हैं। अंडरपास के लिए बाहरी एजेंसी से सर्वे कराने की बात जनप्रतिनिधियों की बैठक में तय हुई थी लेकिन 20 दिन से अधिक समय गुजरने के बाद भी अंडरपास के सर्वे को लेकर कोई रणनीति नहीं बनी है।

इस वजह से माना जा रहा है कि कुतुबखाना पर ओवरब्रिज बनाया जाएगा। कोतवाली से शुरू होकर कुतुबखाना चौराहे से होकर कोहाड़ापीर चौराहा के ऊपर प्रस्तावित ओवरब्रिज की लंबाई 1577 मीटर रखी गई है। इससे पहले ओवरब्रिज की लंबाई 1600 और 1590 रखी गई थी।

सेतु निगम ने ओवरब्रिज का डिजाइन नोएडा के आर्किटेक्ट से तैयार कराया है। तकनीकी अनुमति मिलने के बाद सेतु निगम टेंडर की प्रक्रिया शुरू करेगा। ओवरब्रिज के पिलर को मेट्रो पिलर की तरह बनाया जाएगा जिससे नीचे के दुकानदारों को दिक्कत नहीं होगी। ओवरब्रिज के नीचे रात्रि बाजार बनाया जाएगा।

ओवरब्रिज के नीचे 660 मीटर में रात्रि बाजार लगेगा
1577 मीटर लंबे ओवरब्रिज के नीचे का हिस्सा 660 मीटर का होगा जिसमें दो-दो पिलर मेट्रो की तरह लगाए जाएंगे। इस कारण ओवरब्रिज के नीचे दुकानदारों को दिक्कत नहीं होगी और सड़क पर वाहन भी चले सकेंगे। ओवरब्रिज की ऊंचाई पांच मीटर के करीब रखी जाएगी।

श्यामगंज ओवरब्रिज के नीचे रात्रि बाजार निर्माण को लेकर निविदा निकाली
श्यामगंज ओवरब्रिज के नीचे रात्रि बाजार निर्माण कराने के लिए नगर निगम ने निविदा निकाल दी है। अभी तक किसी भी कंपनी ने आवेदन नहीं किया है। आवेदन करने के बाद निविदा खुलेगी। फिर तकनीकी बिड खोली जाएगी। मंडलायुक्त ने बताया कि तीन करोड़ रुपये की लागत से रात्रि बाजार विकसित कराया जा रहा है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू करवाया जाएगा।

संबंधित समाचार