बरेली: एमबीबीएस में प्रवेश के नाम पर 34 लाख रुपये की ठगी
अमृत विचार, बरेली। सुभाष नगर थाने में एमबीबीएस में प्रवेश कराने के नाम पर 34 लाख रुपये की ठगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों ने पहले बुजुर्ग पीड़ित से फोन पर संपर्क किया। उसके बाद उनके नाती-नातिन का प्रवेश कराने का झांसा दिया। भरोसे में लेने के लिए दो मेडिकल कॉलेज में भी …
अमृत विचार, बरेली। सुभाष नगर थाने में एमबीबीएस में प्रवेश कराने के नाम पर 34 लाख रुपये की ठगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों ने पहले बुजुर्ग पीड़ित से फोन पर संपर्क किया। उसके बाद उनके नाती-नातिन का प्रवेश कराने का झांसा दिया। भरोसे में लेने के लिए दो मेडिकल कॉलेज में भी लेकर गए लेकिन प्रवेश नहीं हुआ।
पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से की। एसएसपी के आदेश पर तहरीर के आधार पर नोएडा के सचिन, पंकज खटिक, आदेश, वीरेंद्र, डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. एसके शर्मा व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों ने कई अन्य लोगों से भी ठगी की है।
सुभाषनगर निवासी एक रिटायर्ड अधिकारी ने शिकायत कर कहा है कि उनके नाती और नातिन का नीट का परीक्षाफल देखने के बाद 23 नवंबर 2020 को आई थंब टावर सेक्टर नंबर 62 नोएडा से सचिन नाम के व्यक्ति ने फोन किया। एमबीबीएस के लिए सरकारी कॉलेज दिलाने की बात कही। उसके बाद उन्हें नोएडा बुलाया गया।
वहां सचिन ने आदेश, वीरेंद्र व पंकज को सीनियर बताते हुए परिचय कराया। उनसे कहा कि प्राइवेट कॉलेज में प्रवेश पर दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। हम लोग का सरकारी कॉलेजों में जुगाड़ है। फार्म भरने के लिए चार लाख रुपये ले लिए। उन्होंने एक लाख 99 हजार रुपये का चेक दे दिया।
कुछ दिन बाद सचिन और पंकज उनके घर आए। नाती का मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज में एडमिशन कराने के लिए साथ चलने की बात कही। उसने 15 दिसंबर को 30 लाख रुपये साथ लेकर चलने को कहा। इसके बाद नाती को प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल में लेकर गए।
यहां डॉ. हर्षवर्धन व डॉ. एसके शर्मा के पास ले गए। काउंसिलिंग की सारी प्रक्रिया कराई। यहां उनसे तीस लाख रुपये ले लिए गए। अगले दिन पंकज ने कहा कि नाती का एडमिशन हो गया है और 2 फरवरी 2021 से कक्षाएं चलेंगी। उसके बाद नातिन के लिए 31 दिसंबर 2020 को बांदा मेडिकल कॉलेज चलना है लेकिन तय तारीख पर आरोपित नहीं आया। उसके बाद से टालमटोल करने लगा।
पीड़ित बुजुर्ग ने नाती-नातिन के एमबीबीएस में प्रवेश के नाम पर ठगी की शिकायत की थी। सुभाष नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी बरेली
