बदायूं: दो माह से लापता युवक का सरसों के खेत में मिला कंकाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बगरैन/बदायूं, अमृत विचार। वजीरगंज थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव के दो माह से लापता युवक का कंकाल रविवार को सरसों के खेत में मिला। इसकी सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कंकाल के पास मिले कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। …

बगरैन/बदायूं, अमृत विचार। वजीरगंज थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव के दो माह से लापता युवक का कंकाल रविवार को सरसों के खेत में मिला। इसकी सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कंकाल के पास मिले कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

वजीरगंज क्षेत्र के उदयपुर गांव का इकारुद्दीन पुत्र मुस्ताक (45) गत 25 दिसंबर को शाम चार बजे घर से खेत पर जाने को कहकर निकला, जो वापस नहीं आया। परिवार वालों ने काफी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद परिवार के लोगों ने 29 दिसंबर को थाना वजीरगंज में गुमशुदगी की रिपोट दर्ज करायी थी। वजीरगंज पुलिस ने काफी खोजबीन की और गुमशुदा के पर्चे लगवाए, लेकिन फिर भी इकारुद्दीन का पता नहीं चला।

वहीं रविवार को गावं के रामचन्द्र पाली के खेत से सरसों की फसल कट रही थी। तभी मजदूरों को कुछ कपड़े तथा हड्डियां दिखाई दीं। कपड़े तथा कंकाल के अवशेष मिलने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गयी। देखने वालों की भीड़ लग गयी। कुछ लोगों तथा परिवार के लोगों ने कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान इकारुद्दीन के रूप में की। इस बीच किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी।

थानाध्यक्ष वजीरगंज अमित कुमार, चौकी प्रभारी वगरैन राजेश कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच कर कंकाल तथा कपड़े सील कर दिए और आलाधिकारियों को इसकी सूचना दी। मौके पर एसडीएम बिसौली, सीओ इस्लामनगर तथा फारेंसिक टीम पहुंच कर जांच में जुट गई। सरसों के खेत से जगह-जगह से कंकाल के अवशेष मिले। जिसे फारेंसिक टीम ने सील कर दिए। अब जांच में पता चलेगा की कंकाल के अवशेष गुमशुदा इकारुद्दीन के हैं या किसी और के। गुमशुदा इकारुद्दीन दिल्ली में मजदूरी करता है। जिसके पांच बच्चे हैं। दो बेटे और तीन बेटियां। इकारुददीन के कपड़े मिलने से घर मे कोहराम मच गया है। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।

“इकारुद्दीन की गुमशुदा होने की रिपोर्ट थाने मे दर्ज है। जिसके कपड़े और कंकाल के अवशेष गांव के खेत से मिले हैं। जिन्हें सील कर जांच के लिए भेज दिया गया है। जो भी रिपोर्ट आएगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।” -अमित कुमार, थानाध्यक्ष, वजीरगंज

संबंधित समाचार