बरेली: शिक्षण संस्थानों पर लगा गुंडई व अय्याशी का अड्डा होने का दाग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एक तरफ नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं तो दूसरी तरफ संस्थानों में सख्ती न होने की वजह से हालात खराब हो रहे हैं। किसी शिक्षण संस्थान में गुंडई की जा रही है तो कहीं अश्लीलता की जा रही है। इसके वीडियो भी …

बरेली, अमृत विचार। एक तरफ नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं तो दूसरी तरफ संस्थानों में सख्ती न होने की वजह से हालात खराब हो रहे हैं। किसी शिक्षण संस्थान में गुंडई की जा रही है तो कहीं अश्लीलता की जा रही है। इसके वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।

महाविद्यालय हों या फिर राज्य विश्वविद्यालय या निजी विश्वविद्यालय सभी जगह से इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। मामले आने के बाद सख्त एक्शन न लेने के चलते फिर दूसरा मामला सामने आ जाता है। दो महीने में 5 मामले तो सामने आ चुके हैं और कई ऐसे हैं जो दबा दिए गए होंगे ताकि शिक्षण संस्थानों की बदनामी न हो।

बरेली कॉलेज में दो महीने में तीन मामले आ चुके हैं, जिससे कॉलेज की छवि खराब हुई है। पुलिस और कॉलेज प्रशासन की ढिलाई के चलते ही मारपीट करने वाले छात्र फिर से वापस आ जाते हैं। 5 दिन पहले मारपीट के वीडियो वायरल मामले में पुलिस ने रविवार को 5 आरोपियों को पकड़ा था। जिसमें एक आरोपी एबीवीवी के योगेश शर्मा भी था जो दूसरे दिन कॉलेज में आराम से घूमता दिखा। इसी तरह से एलएलबी छात्र से पिटाई के आरोपी छात्र भी रोजाना कॉलेज में प्रशासन के सामने ही घूमते रहते हैं।

केस-1
3 दिसंबर 2020 को बरेली कॉलेज में एलएलबी के छात्र वंश चतुर्वेदी से विभाग के अंदर सीनियर छात्रों ने मारपीट और रैगिंग की थी। इस मामले में कॉलेज प्रशासन ने एक छात्र का प्रवेश प्रतिबंधित किया था। पुलिस रिपोर्ट हुई। कॉलेज ने जांच की और अभी क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के यहां जांच चल रही है।

केस-2
20 दिसंबर 2020 को बरेली कॉलेज में एक शिक्षक के टायलेट में एक लड़का-लड़की आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए थे। लड़की कॉलेज की छात्रा थी और लड़का बाहरी था। इस मामले में कॉलेज प्रशासन ने दोनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया था। सिर्फ परिजनों को बुलाकर हिदायत दी गई थी।

केस-3
17 फरवरी 2021 को बरेली कॉलेज में सरेआम कई युवकों ने दो युवकों की जमकर पिटाई की। इसका वीडियो वायरल हुआ। पुलिस रिपोर्ट दर्ज हुई। 5 युवक पकड़े गए और जमानत पर छूट गए।

केस-4
12 फरवरी को रुहेलखंड विश्वविद्यालय में एलएलएम और बीटेक छात्रों के बीच मारपीट हुई। उसके बाद स्थापना दिवस के कार्यक्रम की तैयारी से लौट रही छात्राओं से स्कूटी रोककर बदतमीजी की गई। मामले की जांच हुई लेकिन छात्रा के शिकायत वापस लेने के बाद कोई एक्शन नहीं लिया गया।

केस-5
18 फरवरी को जिले के एक निजी विश्वविद्यालय में खुलेआम आपत्तिजनक हालत में लड़का-लड़की पकड़े गए। इसका वीडियो वायरल हुआ तो कॉलेज प्रशासन ने दोनों छात्रों को रेस्टीकेट कर दिया और उन्हें बाहर निकाल दिया।

संबंधित समाचार