अयोध्या: सरकार के निर्देश पर चला औचक निरीक्षण अभियान, दो दुकानें निलंबित, लिए गए 18 नमूने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। प्रदेश सरकार के निर्देश पर बुधवार को टीमों का गठन कर पूरे जनपद में उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर 2 दुकानों को निलंबित किया गया है। जबकि कुल 18 नमूने लिए गए हैं जिनको जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया जाएगा। अपर मुख्य सचिव कृषि की ओर …

अयोध्या। प्रदेश सरकार के निर्देश पर बुधवार को टीमों का गठन कर पूरे जनपद में उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर 2 दुकानों को निलंबित किया गया है। जबकि कुल 18 नमूने लिए गए हैं जिनको जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव कृषि की ओर से जिलाधिकारी को जनपद में उर्वरक की उपलब्धता, उसकी गुणवत्ता निर्धारित मूल्य पर बिक्री और पाश मशीनों से बिक्री और स्टाक के सत्यापन के लिए निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी की ओर से उप कृषि निदेशक डॉ. अशोक कुमार को तहसील बीकापुर प्रभारी उपनिदेशक डॉ. सौरव वर्मा को तहसील सोहावल भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र वर्मा को तहसील मिल्कीपुर जिला कृषि अधिकारी वीके सिंह को तहसील सदर तथा सहायक निबंधक सहकारिता वकील वर्मा को रुदौली तहसील क्षेत्र में औचक निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सभी को निर्देश दिया गया कि निरीक्षण के दौरान दुकानों पर पाश मशीन से उर्वरक की बिक्री से संबंधित का कैशमेमो, दुकान का बोर्ड, रेट बोर्ड, स्टाक की स्थिति, कृषकों को रैंडम आधार पर उर्वरक बिक्री की आख्या और उसका सत्यापन, संदिग्ध उर्वरकों का नमूना लेने की हिदायत दी गई।

शाम को जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि अभियान के तहत कुल 52 उर्वरक और कीटनाशक दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने 18 नमूने लिए हैं जिनको परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भिजवाया जाएगा। रिपोर्ट अमानक पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान रॉयल खाद भंडार जगनपुर मसौधा और शिव कृपा ट्रेडर्स मुबारकगंज, सोहावल बिना किसी सूचना के बंद मिले, जिसके चलते इन दोनों का लाइसेंस निलंबित किया गया है।

संबंधित समाचार