मुरादाबाद : चौकीदार करेंगे ‘निगहबानी’, बनेंगे अफसरों की ‘खुफिया नजर’
मुरादाबाद, अमृत विचार। पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस अफसरों ने हाईटेक दौर में पीछे छूट गए अपने सबसे मजबूत सूचना तंत्र को एक्टिव करने की पहल शुरू कर दी है। यह सूचना तंत्र गांव की निगरानी करने वाले चौकीदार हैं। काफी हद तक इनके सहारे अफसरों ने चुनावी महाभारत से निपटने की …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस अफसरों ने हाईटेक दौर में पीछे छूट गए अपने सबसे मजबूत सूचना तंत्र को एक्टिव करने की पहल शुरू कर दी है। यह सूचना तंत्र गांव की निगरानी करने वाले चौकीदार हैं। काफी हद तक इनके सहारे अफसरों ने चुनावी महाभारत से निपटने की तैयारी कर ली है।
मजबूत सुरागकशी के लिए जाने वाले चौकीदारों को एक बार फिर उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया जा रहा है। ये चौकीदार गांव में आने वाले हर अजनबी की निगहबानी करेंगे। गुपचुप रूप से गांव में दावेदारों द्वारा दी जाने वाली दावतों के संबंध में थाना पुलिस को सूचना देंगे। एसएसपी ने आदेश दिए हैं कि पूरे सम्मान के साथ चौकीदारों को उनकी जिम्मेदारी सौंपी जाए और उनके द्वारा दी जाने वाली हर खबर पर पुलिस एक्शन ले। लिहाजा थानावार बैठक कर चौकीदारों को जिम्मेदारी देने की पहल शुरू हो गई है।
कहने को पंचायत चुनाव सबसे छोटा होता है। लेकिन, इसे शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के पसीने छूट जाते हैं। देश की सबसे छोटी संसद के लिए होने वाले इस चुनाव में एक-एक वोट के लिए जंग होती है। यही वजह है कि वोटरों को रिझाने के लिए दावेदार हर संभव प्रयास करते हैं। महीनों पहले ही दावतों का दौर शुरू हो जाता है।
इतना ही नहीं इस चुनाव में होने वाली रंजिशें कई बार पुलिस के लिए गले की फांस बन जाती हैं। चुनाव निपटने के सालों बाद भी रंजिश में गांव की शांति व्यवस्था को खतरा हो जाता है। यही वजह है कि चुनाव से पहले पुलिस को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ती है। महीनों पहले से पुलिस कर्मी चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाने के लिए कवायद करने लगते हैं।
एक्टिव होंगे चौकीदार, पुलिस रहेगी संपर्क में
पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने अपने सबसे मजबूत सूचना तंत्र का तमगा हासिल कर चुके चौकीदारों पर भरोसा जताया है। उन्होंने सभी थानादारों को सख्त आदेश दिए हैं कि वो सभी चौकीदारों को भरोसे में लेकर उनको जिम्मेदारी दें। थाना में बुलाकर निरोधात्मक कार्रवाई करने से पहले उनकी सलाह अवश्य लें। अगर कोई चौकीदार सूचना देता है तो उस पर त्वरित एक्शन लिया जाए। सूचना के बाद लापरवाही बरतने पर अगर कोई घटना होती है तो संबंधित बीट के पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि पंचायत चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए चौकीदारों की मदद ली जा रही है। उनके द्वारा दी जाने वाली सूचनाओं पर त्वरित एक्शन लेने के आदेश दिए गए हैं।
