मुरादाबाद और बिजनौर के नकलचियों की परीक्षा निरस्त
बरेली, अमृत विचार। एलएलबी व बीए एलएलबी की मुख्य परीक्षा में जिन 42 नकलची छात्रों पर विश्वविद्यालय ने कार्रवाई की है उनमें ज्यादातर मुरादाबाद और बिजनौर के कॉलेज में बने परीक्षा केंद्रों में पकड़े गए थे। सबसे ज्यादा 22 नकलची केजीके कॉलेज मुरादाबाद में पकड़े गए थे। इसके अलावा 15 नकलची वर्धमान कॉलेज बिजनौर, तीन …
बरेली, अमृत विचार। एलएलबी व बीए एलएलबी की मुख्य परीक्षा में जिन 42 नकलची छात्रों पर विश्वविद्यालय ने कार्रवाई की है उनमें ज्यादातर मुरादाबाद और बिजनौर के कॉलेज में बने परीक्षा केंद्रों में पकड़े गए थे। सबसे ज्यादा 22 नकलची केजीके कॉलेज मुरादाबाद में पकड़े गए थे। इसके अलावा 15 नकलची वर्धमान कॉलेज बिजनौर, तीन बरेली कॉलेज बरेली और दो रोटरी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट संभल के परीक्षा केंद्र में पकड़े गए थे। विश्वविद्यालय ने 24 नकलची छात्रों पर 500 रुपये का अर्थदंड लगाया है।
विश्वविद्यालय ने 42 में से पांच छात्रों को नकल के दोष से मुक्त किया है। इनमें चार छात्र एलएलबी परीक्षा केजीके कॉलेज और एक वर्धमान कॉलेज बिजनौर में पकड़े गए थे। जिन 13 छात्रों की पूरे सेमेस्टर की परीक्षा निरस्त की गई है उनमें नौ छात्र केजीके कॉलेज में बने केंद्र में नकल करते पकड़े गए थे।
इसके अलावा दो वर्धमान कॉलेज और एक रोटरी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट संभल में पकड़े गए थे। इनमें 11 छात्र एलएलबी और दो छात्र बीए एलएलबी की परीक्षा में नकल करते पकड़े गए थे। जिन 24 छात्रों पर अर्थदंड लगाया है उनमें 11 वर्धमान कॉलेज बिजनौर, नौ केजीके कॉलेज मुरादाबाद, तीन बरेली कॉलेज बरेली और एक रोटरी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट संभल में बने परीक्षा केंद्रों में पकड़े गए थे। इनमें 19 एलएलबी और पांच बीए एलएलबी की परीक्षा में नकल करते पकड़े गए थे।
