अमरोहा: घर में घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या, सनसनी
अमरोहा/मंडी धनौरा/अमृत विचार। मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर माफी में दिनदहाड़े घर में घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद हत्यारोपी मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। एसपी व एएसपी ने गांव पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। मृतक के …
अमरोहा/मंडी धनौरा/अमृत विचार। मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर माफी में दिनदहाड़े घर में घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद हत्यारोपी मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। एसपी व एएसपी ने गांव पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी पिता-पुत्र पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे की है। मृतक रोहित (24) पुत्र लोकेश अपने दादा संग घर पर था। कुछ देर पहले हुई मामूली कहासुनी के बाद पड़ोसी पिता-पुत्र जगदीश व प्रदीप तमंचा लेकर घर में घुस आए और कनपटी से सटाकर रोहित की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों पिता पुत्र मौके से फरार हो गए। वहीं दिनदहाड़े वारदात से गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना पर एसपी सुनीति व एएसपी अजय प्रताप फोरेंसिक टीम लेकर गांव पहुंचे। अफसरों ने ग्रामीणों व परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर प्रदीप व जगदीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी ने पुलिस को हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का निर्देश दिया है। वारदात के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।
