मुरादाबाद: नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने किया आठ योजनाओं का लोकार्पण व 52 का शिलान्यास
मुरादाबाद। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने मंगलवार को महानगर की 60 योजनाओं में आठ योजनाओं का लोकार्पण व 52 का शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम सर्किट हाउस में हुआ। इसमें करीब 22.36 करोड़ की योजनाएं शामिल हैं। यह योजनाएं स्मार्ट सिटी व 15वें वित्त आयोग की हैं। इनमें करीब डेढ़ दर्जन वार्डों में दो दर्जन …
मुरादाबाद। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने मंगलवार को महानगर की 60 योजनाओं में आठ योजनाओं का लोकार्पण व 52 का शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम सर्किट हाउस में हुआ। इसमें करीब 22.36 करोड़ की योजनाएं शामिल हैं। यह योजनाएं स्मार्ट सिटी व 15वें वित्त आयोग की हैं। इनमें करीब डेढ़ दर्जन वार्डों में दो दर्जन के करीब सड़क व नाली निर्माण व उनके सुधार की योजनायें हैं। 15वें वित्त आयोग से पेयजल की करीब पांच योजनायें भी शामिल हैं। इससे उन बस्तियों में पानी की समस्या को दूर किए जाने का प्रयास है। मंत्री ने स्मार्ट सिटी के तहत 17 योजनाओं का भी लोकार्पण किया। इसमें सात प्राइमरी स्कूलों में स्मार्ट रूम तैयार किए जाएंगे।
राजकीय जिला पुस्तकालय भवन, बीएसए कार्यालय, सीएमओ कार्यालय, मंडलायुक्त कार्यालय, एसपी सिटी कार्यालय में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जिगर कालोनी स्थित तिकोनिया पार्क, महर्षि दयानंद पार्क व पंडित दीनदयाल नगर पार्क व इंट्रीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर के भवन आादि का लोकार्पण किया। इसके साथ ही टाउनहाल नगर निगम कार्यालय में सदन हाल, एकल विंडो सहायता केंद्र का निर्माण कार्य, ट्रंचिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट निस्तारण, ठोस अपशिष्ट संयंत्र का निर्माण कार्य के अलावा कांशीराम नगर में कंपोजिट स्कूल व स्मार्ट क्लास रूम का शिलान्यास किया। महापौर विनोद अग्रवाल, एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त, कांठ विधायक राजेश कुमार सिंह चुन्नू, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष गोपाल अंजान, मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह, डीएम राकेश कुमार सिंह, नगर आयुक्त संजय चौहान, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल चौहान, नगराध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा, पार्षदों में राजेश गुप्ता, डिंपल सिंह, अजय दिवाकर आदि उपस्थित रहे।
वहीं नगर विकास ने मंत्री महिला दिवस के उपलक्ष्य में 18 महिला सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्यों पर उन्हें प्रोत्साहित किया। वहीं सफाई के लिए निगम के पास आये 20 वाहनों को भी कार्य के लिए हरी झंडी दिखाई। इस दौरान नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि इंट्रीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से शहर को स्मार्ट किया जा सकेगा। स्मार्ट सिटी की यह एक महत्वपूर्ण योजना है। एक छत के नीचे से शहर की सफाई, ट्रैफिक, ट्रंचिंग ग्राउंड के कार्यों की व्यवस्था पर नजर रखी जा सकेगी। इस सेंटर से कानून व्यवस्था को भी मदद मिलेगी।
निर्यातकों ने वसूली का मुद्दा उठाया
नगर निगम की कर वसूली टीम के साथ बीते दिनों निर्यातकों की हुई गरमागर्मी का मामला नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन के सामने भी उठाया गया। सर्किट हाउस में मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोटर्स एसोसिएशन के महासचिव अवधेश अग्रवाल व अन्य मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि वसूली को लेकर कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को निर्यातकों के साथ सम्मान के साथ पेश आना चाहिए। उनका गलत व्यवहार निंदनीय है। इसके साथ ही कर निर्धारण पांच वर्ष के लिए और पांच वर्ष पश्चात स्वयं 10 फीसदी की दर से वृद्धि की जाए। एमएसएमई निर्यात यूनिट्स के लिए वर्तमान दरों का 50 प्रतिशत शुल्क लिया जाए। कानूनी सलाहकार नजमुल इस्लाम, प्रेमवीर सिंह, नबील अहमद, यस के जिलाध्यक्ष विशाल अग्रवाल, गगन दुग्गल, पुनीत आर्या रहे। महापौर विनाद अग्रवाल व निर्यातकों ने मंत्री को स्मृति चिह्न भी भेंट किए।
तीन योजनाओं का मौके पर जाकर देखा हाल
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कांशीराम नगर के स्कूल के स्मार्ट रूम का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने अधिकारियों से विद्यालय की स्थिति बेहतर रखने और अच्छी शिक्षा व गुणवत्ता को लेकर भी निर्देश दिए। इसके बाद वह मैनाठेर स्थित गोशाला पहुंचे। यहां गोवंश को गुड़ खिलाया, साथ ही उनकी सेहत के बारे में अधिकारियों से पूछा। गोबर गैस प्लांट का उदघाटन किया फिर गुलाबबाड़ी स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड पहुंचे। यहां उन्होंने लीगेसी प्लांट और खाद प्लांट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं शहर के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी। जरूरी है कि अधिकारी इन योजनाओं का क्रियान्वयन में कोई कमी न छोड़ें।
18 महिला सफाई मित्रों को किया सम्मानित
नगर विकास मंत्री ने सर्किट हाउस में नगर निगम की 18 महिला सफाई मित्रों को विश्व महिला दिवस के उपलक्ष में सम्मानित किया। इस दौरान मंत्री सवा तीन करोड़ की लागत से 20 सफाई वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई।
