बरेली: मार्च का इंतजार न करें, किसानों को लाभ पहुंचाएं- श्रीराम चौहान
अमृत विचार, बरेली। सर्किट हाउस में शनिवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार, कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीराम चौहान ने बागवानी बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक नहीं पहुंचने की हकीकत भी …
अमृत विचार, बरेली। सर्किट हाउस में शनिवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार, कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीराम चौहान ने बागवानी बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक नहीं पहुंचने की हकीकत भी सामने आई। कई अहम योजनाओं का बजट बचा होने पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले इसे किसानों की योजनाओं पर पूरी तरह खर्च करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मंत्री को मालूम हुआ कि मार्च, 2021 में भी विभाग की कई योजनाओं में 90 फीसदी बजट भी खर्च नहीं हो सका है। एकाकृत बागवानी विकास योजना में 80 प्रतिशत, एससीपी योजना में 85 प्रतिशत एवं लघु सिंचाई योजना में 90 फीसद बजट उपयोग होने की अफसरों ने जानकारी दी। कई अन्य योजनाओं के लिए आवंटित बजट खर्च करने की गति धीमी पाए जाने से नाराज मंत्री ने जिला उद्यान अधिकारियों से कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार औद्यानीकरण से किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है।
वहीं अधिकारी बजट दबाए बैठे हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि विभागीय बजट का किसान एवं जनहित में सदुपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने बागवानी मिशन के तहत नई फसलों को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। विभागीय योजनाओं की वित्तीय सहायता लाभार्थियों के खातों में सीधे डीबीटी के जरिए भेजने और आलू खरीद की योजना को पूरी तरह पारदर्शी और प्रभावी बनाए जाने पर बल दिया।
बैठक में उपनिदेशक (उद्यान) पूजा, जिला उद्यान अधिकारी पुनीत पाठक, जिला उद्यान अधिकारी शाहजहांपुर राघवेंद्र सिंह, जिला उद्यान अधिकारी पीलीभीत रमेश चन्द्र राना, जिला उद्यान अधिकारी बदायूं सुनील कुमार मौजूद रहे।
