बरेली: पुणे से आएंगे मानव पोल, 25 के बाद शिफ्ट होगी सेटेलाइट की हाईटेंशन लाइन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। सेटेलाइट तिराहे पर ओवरब्रिज निर्माण की अंतिम बाधा जल्द हो जाएगी। सेतु निगम ने हाईटेंशन लाइन हटाने के लिए ट्रांसमिशन विभाग को पूरा बजट दे दिया है। पुणे से मानव पोल आने के बाद ट्रांसमिशन विभाग हाईटेंशन लाइन हटाने का काम शुरू कर देगा। ऐसे में अब एचटी लाइन के जल्द शिफ्ट …

अमृत विचार, बरेली। सेटेलाइट तिराहे पर ओवरब्रिज निर्माण की अंतिम बाधा जल्द हो जाएगी। सेतु निगम ने हाईटेंशन लाइन हटाने के लिए ट्रांसमिशन विभाग को पूरा बजट दे दिया है। पुणे से मानव पोल आने के बाद ट्रांसमिशन विभाग हाईटेंशन लाइन हटाने का काम शुरू कर देगा। ऐसे में अब एचटी लाइन के जल्द शिफ्ट होने की उम्मीद बढ़ गई है। 15 अप्रैल तक काम पूरा कराने की बात सामने आई है।

लखनऊ से शहर आने वाले यातायात को आसान करने के लिए शासन की तरफ से 2018 में सेटेलाइट तिराहे पर ओवरब्रिज निर्माण को मंजूरी दी थी। बजट जारी होने के बाद सेतु निगम ने काम शुरू करा दिया। अक्टूबर, 2020 तक पुल निर्माण पूरा करने का समय निर्धारित किया गया था। पुल निर्माण में शुरू से ही अड़चनें आती रहीं। शुरुआत में वन विभाग की आपत्ति के कारण काम रोका गया।

बिजली पोल हटाने के लिए विद्युत निगम को करीब 68 लाख रुपये दिए। अब पुल के ऊपर से गुजर रही 132 केवी हाईटेंशन लाइन के तार इसके निर्माण में बाधा बन रहे हैं। इसे हटाने के लिए ट्रांसमिशन विभाग ने 5.85 करोड़ रुपये का एस्टीमेट सेतु निगम को सौंपा है। सेतु निगम ने पिछले साल दिवाली से पहले ट्रांसमिशन विभाग को धनराशि हस्तांतरित कर दी है। लाइन शिफ्ट करने के लिए कैंटेनमेंट बोर्ड परिसर में दो फाउंडेशन तैयार हो रहे हैं। लाइन को ऊंचा करने के लिए विभाग की तरफ से पुणे से मानव पोल मंगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि मानव पोल 24 से 25 मार्च तक बरेली पहुंच जाएंगे। उसके बाद कंडक्टर बदलने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

पुल पर 92 फीसद से अधिक निर्माण
सेतु निगम ने पुल के दोनों ओर का भाग पूरा कर लिया है। सभी पिलर बन चुके हैं। बीच की छतों का निर्माण ही बचा है। नीचे सर्विस रोड भी बना दी गई है। अधिकारियों के अनुसार एचटी लाइन हटने के बाद एक महीने का ही काम बचेगा। उसे भी जल्द पूरा कराने के लिए सेतु निगम जुटा है।

हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट करने के लिए बजट मिल गया है। पुणे से मशीन आते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। 15 अप्रैल तक लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा होने के बाद सेतु निगम को अवगत करा दिया जाएग। -अनिल कुमार गुप्ता, एक्सईन, ट्रांसमिशन विभाग

संबंधित समाचार