बरेली: वैक्सीनेशन का प्रतिशत बढ़ाने के लिए भाजपा नेताओं ने संभाली कमान
अमृत विचार, बरेली। जनपद में कोविड वैक्सीनेशन का प्रतिशत बेहद कम है। करीब 25 प्रतिशत लोग ही वैक्सीन लगवा रहे हैं। इस पर राज्य सरकार की चिंता बढ़ती जा रही है। भाजपा हाईकमान ने वैक्सीनेशन का प्रतिशत बढ़ाने के लिए संगठन के नेताओं को लगाया है कि पंचायत चुनाव में कोरोना काल में आमजन को …
अमृत विचार, बरेली। जनपद में कोविड वैक्सीनेशन का प्रतिशत बेहद कम है। करीब 25 प्रतिशत लोग ही वैक्सीन लगवा रहे हैं। इस पर राज्य सरकार की चिंता बढ़ती जा रही है। भाजपा हाईकमान ने वैक्सीनेशन का प्रतिशत बढ़ाने के लिए संगठन के नेताओं को लगाया है कि पंचायत चुनाव में कोरोना काल में आमजन को राहत पहुंचाने और कोविड वैक्सीन लगवाने समेत अन्य उपलब्धियां लेकर आमजन के बीच पदाधिकारी जा सकें। शनिवार को बरेली में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, शहर विधायक डा. अरुण कुमार और मेयर डा.उमेश गौतम समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम की शुरुआत की।
केंद्रीय मंत्री और शहर विधायक ने जिला अस्पताल पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने आमजन के लिए टीका फ्री में लगवाने की सुविधा दी है। इसका फायदा सभी को मिलना चाहिए। सभी को टीकाकरण कराना चाहिए। दूसरों को भी प्रेरित करें।
नगर विधायक डॉ. अरुण कुमार और मेयर उमेश गौतम भी जिला अस्पताल पहुंचे। लोगों को बताया कि 60 वर्ष की आयु के लोग अपना पहचान पत्र लेकर टीकाकरण के लिए आएं। 45 से 59 वर्ष की आयु वर्ग के लोग अगर पहले ही किसी बीमारी से ग्रस्त हैं तो उन्हें डॉक्टर से एक फॉर्म पर साइन करवाकर लाना होगा। उसके बाद ही जिला चिकित्सालय या नजदीकी सीएचसी व पीएचसी पर जाकर टीकाकरण करवा सकते हैं।
कार्यक्रम के संयोजक देवेंद्र जोशी ने बताया कि रविवार के अलावा हर रोज टीकाकरण किया जाएगा। संगठन के सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देते हुए कहा कि अपने आस-पास रहने वाले बुजुर्गों को प्रोत्साहित करके टीकाकरण के लिए लेकर आना होगा। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा, गुलशन आनंद, राज अग्रवाल, सीएमओ सुधीर गर्ग, एडीएसआई सुबोध शर्मा व डॉ. आरएन सिंह मौजूद रहे।
