मुरादाबाद के होटल में भाजपा नेत्री का हंगामा, टली उद्यमी की शादी, जानिए पूरा मामला
मुरादाबाद, अमृत विचार। मेरठ में रहने वाली एक भाजपा नेत्री व उसके परिजनों के ड्रामे के बाद मुरादाबाद में रहने वाले उद्यमी के सिर पर सेहरा नहीं बंध सका। विवाह की तैयारी कर रहे उद्यमी के परिजन अब मझोला थाने के चक्कर काट रहे हैं। सोमवार को उद्यमी की बारात जानी थी, लेकिन इस हंगामे …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मेरठ में रहने वाली एक भाजपा नेत्री व उसके परिजनों के ड्रामे के बाद मुरादाबाद में रहने वाले उद्यमी के सिर पर सेहरा नहीं बंध सका। विवाह की तैयारी कर रहे उद्यमी के परिजन अब मझोला थाने के चक्कर काट रहे हैं। सोमवार को उद्यमी की बारात जानी थी, लेकिन इस हंगामे के बाद विवाह को फिलहाल कैंसिल कर दिया गया है।
वहीं इस मामले में भाजपा नेत्री की ओर से मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद उद्यमी की मां ने उसके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तहरीर दे दी। जिसके आधार पर भाजपा नेत्री व उसके साथ आए साथियों के खिलाफ धमकी देने व मारपीट की धाराओं में मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
यह हाईवोल्टेज ड्रामा रविवार की देर रात मझोला थाना क्षेत्र में देखने को मिला था। बताते हैं कि मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाला एक उद्यमी की मेरठ में स्पोर्ट्स गेंद बनाने की कंपनी है। रविवार की रात उद्यमी की सगाई थी। सोमवार को बारात जानी थी, जिस कारण रविवार की रात मझोला थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित एक नामचीन होटल में सगाई की रस्में चल रही थी। इस बीच मेरठ के न्यू मोहनपुरी इलाके में रहने वाली युवती अपने साथियों के साथ दो लग्जरी गाड़ियों के साथ होटल पहुंच गई। एक गाड़ी में विधायक भी लिखा था।
युवती ने आते ही हंगामा करना शुरू कर दिया। उसका कहना था कि उद्यमी ने उससे शादी करने की बात कही थी। इसी झांसे में लेकर वह कई साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है। अब खामोशी से दूसरी युवती के साथ शादी कर रहा है। बताते हैं कि हंगामा बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
सूचना मिलने पर मझोला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती समेत दोनों पक्षों को थाने ले आई। यहां पर भी युवती ने उद्यमी पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। जिस पर पुलिस ने उद्यमी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं इस मामले में उद्यमी की मां ने भी भाजपा नेत्री व उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। जिसके आधार पर सभी के खिलाफ धमकी देने व मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सोमवार को उद्यमी के सिर पर सेहरा नहीं बंध सका। परिजनों ने बताया कि फिलहाल विवाह को स्थगित कर दिया गया है।
दुष्कर्म के मामले में मेरठ पुलिस करेगी जांच
मुरादाबाद। भाजपा नेत्री की तहरीर पर मझोला थाने में उद्यमी और उसके माता-पिता समेत चार को आरोपी बनाया गया है। भाजपा नेत्री का आरोप है कि वह करीब 17 साल पहले एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाती थी, जहां पर उद्यमी भी पढ़ने आता था। इस बीच उसने प्रेम जाल में फांस लिया और एक मंदिर में ले जाकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया। बाद में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। लिहाजा इस मामले में मझोला एसओ मुकेश शुक्ला का कहना है कि भाजपा नेत्री की ओर से दर्ज रिपोर्ट में घटनास्थल व वादी प्रतिवादी मेरठ के रहने वाले हैं। लिहाजा यह केस मेरठ के संबंधित थाने में ट्रांसफर किया जाएगा। इसकी विवेचना मेरठ पुलिस करेगी।
