मुरादाबाद: नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत, हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मैनाठेर थाना क्षेत्र में नशा मुक्ति एवं पुर्नवास केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। वे केंद्र के संचालक व अन्य कर्मियों पर उसकी पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगा रहे थे। हंगामा बढ़ा तो केंद्रकर्मी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मैनाठेर थाना क्षेत्र में नशा मुक्ति एवं पुर्नवास केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। वे केंद्र के संचालक व अन्य कर्मियों पर उसकी पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगा रहे थे।

हंगामा बढ़ा तो केंद्रकर्मी शव छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर देर शाम आई रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।

सम्भल रोड स्थित गागन तिराहा पर नव जीवन नशा मुक्ति व पुर्नवास केंद्र हैं। यह केंद्र हिमालय फाउंडेशन सेवा संस्था की ओर से संचालित किया जाता है। बताते हैं कि ठाकुरद्वारा कस्बे के मोहल्ला फतेहउल्लागंज वार्ड 21 निवासी शरीफ अहमद फलों का कारोबार करते हैं। उनका बेटा शकील नशे का आदी हो गया था। रोज नशा करने के कारण उसकी तबियत खराब होने लगी। शकील के भाई सलीम के अनुसार तीन दिन पहले उसे केंद्र में भर्ती कराया गया था। बुधवार की शाम उनके पास वहां से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि शकील की अचानक तबियत खराब हो गई है। इस पर उन्होंने कहा कि उसे अस्पताल में भर्ती कराएं, हम लोग आ रहे हैं।

सलीम के अनुसार बुधवार की रात करीब नौ बजे वह परिजनों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि केंद्र वाले उन लोगों को गुमराह करते रहे। करीब दो घंटे बाद उन्होंने उसकी मौत होने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन भड़क गए और हंगामा करने लगे। उनका आरोप था कि कर्मचारियों ने पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी।

जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट में शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। शरीर नीला होने के कारण बीमारी की आशंका जताई जा रही है।

संबंधित समाचार