मुरादाबाद: नौकरी लगवाने के नाम पर हड़पे साढ़े पांच लाख रुपये, दर्ज होगी रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। उधार ली गई रकम वापस मांगने पर शातिरों ने नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। अलीगढ़ कोर्ट में नौकरी लगवाने की बात कहते हुए कागज भी ले लिए। लेकिन, लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी। पीड़ित जब रकम लेने वाले उनके पास पहुंचा तो वे फरार हो चुके थे। गारंटर बना युवक भी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। उधार ली गई रकम वापस मांगने पर शातिरों ने नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। अलीगढ़ कोर्ट में नौकरी लगवाने की बात कहते हुए कागज भी ले लिए। लेकिन, लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी। पीड़ित जब रकम लेने वाले उनके पास पहुंचा तो वे फरार हो चुके थे। गारंटर बना युवक भी पीड़ित को लगातार टहला रहा है। थक-हार कर पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की तो उन्होंने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर माफी निवासी शरीफ हुसैन के अनुसार सम्भल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के ग्राम अतौरा निवासी शिवम करीब डेढ़ साल पहले सगे भाई दीपक व रूपक के साथ उसके पास आया। उसने बताया कि दोनों मेरे साथ फैक्ट्री में काम करते हैं। इनको कारोबार के सिलसिले में कुछ रुपयों की जरूरत है। एक माह में रकम वापस कर देंगे। इस पर उसने शिवम की मौजूदगी में दोनों को साढ़े पांच लाख रुपए दे दिए।

निर्धारित वक्त बीतने के बाद जब उसने रकम मांगी तो दोनों भाइयों ने कहा कि अभी रकम नहीं है। लेकिन, अगर वह चाहे तो अलीगढ़ कोर्ट में किसी की सरकारी नौकरी लगवा सकते हैं। इस पर उसने दामाद की नौकरी लगवाने की बात की। मौके पर मौजूद शिवम ने गारंटी ली। इसके बाद उन्होंने कहा कि कुछ दिनों में काल लेटर आ जाएगा।

शरीफ के अनुसार काफी वक्त बीतने के बाद भी जब काल लेटर नहीं आया तो उसने दोनों भाइयों से संपर्क किया। उनके मकान पर जाकर मालूम हुआ कि वे किराए पर रहते थे, कमरा खाली कर चले गए हैं। इसके बाद उन्होंने शिवम पर दबाव बनाया तो वह जल्द रकम वापस दिलवाने का झांसा देता रहा। लंबा वक्त बीतने के बाद भी उन्होंने रकम वापस नहीं की। उल्टा उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश शुरू कर दी।

चिट फंड कंपनी बनाकर ग्रामीण से की साढ़े तीन लाख की ठगी
मुरादाबाद। एक व्यक्ति ने चिट फंड कंपनी बनाकर साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। बड़े मुनाफा का लालच देकर उन्होंने ग्रामीण को एजेंट बनाकर उससे मोटी रकम जमा करवा ली। बाद में ग्रामीण ने आरोपियों के झांसे में आकर अपने रिश्तेदारों की भी रकम कंपनी में जमा करवा दी। पांच साल बाद जब पालिसी मैच्योर हो गई तो उसने अपनी रकम मांगी तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे।

थाना पाकबड़ा में पंचायत हुई तो उसने तीन माह के भीतर पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया। लेकिन, वह अब भी टाल-मटोल कर रहा है। पीड़ित ने पाकबड़ा थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी कार्रवाई की मांग की है। समाथल निवासी राहत अली के अनुसार वर्ष 2013 में कटघर थाना क्षेत्र के पंडित नगला निवासी मुनाजिर हुसैन उसके संपर्क में आया। उसने कहा कि वह भूमि सुरक्षा इंफ्रा लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर है और उसने बैंक भी खोली है। अगर वह एजेंट बनकर इस कंपनी में निवेश करे तो मोटा-मुनाफा होगा।

राहत के अनुसार इस पर वह झांसे में आ गया और कुछ रकम जमा करके एजेंट बन गया। बाद में उसने परिचितों की रकम भी जमा करवा दी। कुल 3.5 लाख रुपये उसने कंपनी में जमा करवाए। नियम-शर्तो के अनुसार वर्ष 2019 में उन सभी की पालिसी मैच्योर हो गई। तब उसने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि पहले वह टरकाता रहा, बाद में रकम देने से इन्कार कर दिया। कई बार तकाजा करने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ तो पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर दी। करीब पांच माह पहले थाने में समझौता हुआ, जिसमें आरोपी ने तीन माह में पूरी रकम का भुगतान करने का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार