बरेली: सरसों तेल के बड़े कारोबारियों पर छापामारी न होने से उठे सवाल
अमृत विचार, बरेली। होली के त्योहार पर सरसों के तेल और रंगीन कचरी के साथ खोया व कई तरह की मिठाइयों के नमूने भरने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमें ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। अब तक 13 लाख से अधिक रुपये का सरसों तेल व रंगीन कचरी जब्त भी की गई …
अमृत विचार, बरेली। होली के त्योहार पर सरसों के तेल और रंगीन कचरी के साथ खोया व कई तरह की मिठाइयों के नमूने भरने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमें ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। अब तक 13 लाख से अधिक रुपये का सरसों तेल व रंगीन कचरी जब्त भी की गई लेकिन बड़े स्तर पर सरसों तेल बनाने वाली कंपनियों के यहां टीम कार्रवाई से कतरा रही है। जबकि सभी जानते हैं कि उन कंपनियों में मानकों का किस तरह से पालन कराया जाता है।
सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बड़े कारोबारियों के यहां हाथ क्यों नहीं डाला जा रहा है। इसमें साठगांठ होने की चर्चा भी बाजार में खूब हो रही है। हालांकि, टीम ने परसाखेड़ा में दो सरसों के तेल, मीरगंज और नकटिया के पास कंपनी में कार्रवाई की है। कारोबारियों का कहना है कि तेल में मिलावट है या नहीं, यह प्रयोगशाला की जांच के बाद साबित होगा लेकिन टीम मिलावट का शक करते हुए लाखों का माल सीज कर रही है। पैकिंग, टिन नंबर समेत अन्य छोटे स्तर की खामियों पर हजारों लीटर तेल सीज करने की कार्रवाई कारोबारियों के गले नहीं उतर रही है। इधर, जिला अभहित अधिकारी धर्मराज मिश्र का कहना है कि प्रारंभिक स्तर पर खामियां मिलने पर माल सीज कर रहे हैं। मिलावट होने की बात जांच के बाद सामने आएगी।
सरसों के तेल और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के नमूने भरे
एफएसडीए की टीम ने बुधवार को मथुरापुर सीबीगंज में सरसों के तेल का नमूना भरा। इसके अलावा एसडीएम फरीदपुर कुमार धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने श्रीराम स्वीट्स (किप्स) से दूध की लौज का एक नमूना, खंडेलवाल एडिबिल ऑयल से ब्लेडिंड ऑयल, कच्ची घानी सरसों का तेल और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का एक-एक नमूना भरा। भगवती ट्रेडर्स से इमामी कच्ची घानी सरसों तेल का एक नमूना संग्रहित किया।
सात नमूने भरे, एक्सपायरी डेट की बिकती मिली कोल्डड्रिंक
आंवला। एसडीएम पारुल तरार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावट की शिकायत मिलने पर कस्बे में छापेमारी की। इससे कई लोग दुकानें बंद कर भाग निकले। टीम ने सात नमूने भरकर जांच के लिए भेजे। जांच में एक्सपायरी डेट की कोल्डड्रिंक बिकती मिली। बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पुलिस के साथ मिठाई की दुकानों पर जांच की।
टीम ने पुरैना चौराहे पर अफरोज स्वीट्स से खोया व रंगीन लॉज, आशीष स्वीट्स घंटाघर चौराहा से खोया, मिल्क केक का नमूना सहित कोल्ड ड्रिंक का नमूना भी लिया। जांच में पाया कि कोल्डड्रिंक की डेट निकल चुकी है। जनता डेयरी बजरिया किला से खोया और देसी घी का नमूना भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह, दिवाकर, सोमनाथ कुशवाहा, कस्बा इंचार्ज अभय कुमार पांडे व पुलिस बल मौजूद रहा।
