बॉलीवुड पर कोरोना का कहर, भूमि पेडनेकर-विक्की कौशल भी हुए कोरोना से संक्रमित
मुम्बई। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर और अभिनेता विक्की कौशल सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमति हो गए हैं। सोशल मीडिया के जरिए भूमि पेडनेकर-विक्की कौशल ने बताया है कि उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट कर जानकारी दी कि वह अभी पृथक-वास में रह रही हैं और चिकित्सकों की सलाह …
मुम्बई। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर और अभिनेता विक्की कौशल सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमति हो गए हैं। सोशल मीडिया के जरिए भूमि पेडनेकर-विक्की कौशल ने बताया है कि उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट कर जानकारी दी कि वह अभी पृथक-वास में रह रही हैं और चिकित्सकों की सलाह का पालन कर रही हैं। फिल्म ‘दुर्गामती’ की अदाकारा ने उनके सम्पर्क में आए सभी लोगों से कोरोना वायरस संबंधी जांच कराने का आग्रह भी किया है।
पेडनेकर ने लिखा, ‘‘मैं कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हूं। अभी मुझमें मामूली लक्षण हैं, लेकिन ठीक महसूस कर रही हूं और घर पर ही पृथक-वास में रह रही हूं। मैं चिकित्सकों और स्वास्थ्य पेशेवरों द्वारा दी गई सभी सलाह का पालन कर रही हूं। अगर आप मेरे सम्पर्क में आए हैं, तो कृपया तुरंत जांच करा लें।’’
पेडनेकर ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अपने प्रशंसकों से सतर्क रहने का आग्रह भी किया। उन्होंने लिखा, ‘‘कृपया मौजूदा स्थिति को हल्के में ना लें, मैं सभी एहतियात बरतने के बाद भी संक्रमित हो गई हूं। मास्क पहनें, हाथ धोएं, सामाजिक दूरी बनायें और अपने आम व्यवहार के प्रति सचेत रहें।’’
कोरोना की चपेट में अभिनेता विक्की कौशल
बॉलीवुड अभिनेता मसान और उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक फेम एक्टर विक्की कौशल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी है। कौशल ने कहा, ‘‘सभी एहतियात बरतने के बावजूद बदकिस्मती से मैं कोविड-19 से संक्रमित हो गया हूं। सभी जरूरी सलाहों का पालन कर रहा हूं। मैं घर पर पृथक-वास में हूं और अपने डॉक्टर की सलाह से इलाज करा रहा हूं।’’
मुम्बई में रविवार को कोरोना वायरस के एक दिन में सर्वाधिक 11,163 नए मामले सामने आने के बाद शहर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर कुल 4,52,445 हो गई थी।
