बाराबंकी: तस्करों के खिलाफ पुलिस ने कसा शिकंजा, 7 गिरफ्तार, 7 करोड़ 50 लाख की मार्फीन बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद के आदेश पर चलाये जा रहे अभियान के तहत जैदपुर प्रभारी निरीक्षक को मंगलवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी है। यह अभियान मादक पदार्थों को बेचने वाले तस्करों के खिलाफ चलाया जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी ने सात शातिर तस्करों को धर दबोचा। उनके पास से …

बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद के आदेश पर चलाये जा रहे अभियान के तहत जैदपुर प्रभारी निरीक्षक को मंगलवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी है। यह अभियान मादक पदार्थों को बेचने वाले तस्करों के खिलाफ चलाया जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी ने सात शातिर तस्करों को धर दबोचा। उनके पास से 7 करोड़ 50 लाख कीमत की करीब 2 किलो 525 ग्राम मार्फीन बरामद की। पुलिस ने तस्करों के पास से दो कार और दो मोटर साइकिल भी बरामद की। थाना प्रभारी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर सातों तस्करों को जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह थाना प्रभारी जैदपुर धर्मेन्द्र सिंह रघुवंशी को मुखबिर ने सूचना दी कि चंदौली नहर पुलिया के पास तस्करों का गिरोह मौजूद है। ये तस्कर भारी मात्रा में मार्फीन लेकर बेचने जा रहें हैं। इसी सूचना पर थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह रघुवंशी ने अपने सहयोगियों के साथ छापा मार कर मौके पर से थाना जैदपुर के ग्राम टिकरा उस्मा निवासी शातिर तस्कर मुमताज सिद्दीकी पुत्र मो. सिलताज, मो. नईम राईन पुत्र मोहम्मद बाबू, कल्लू बलवी पुत्र रहमत अली, मो. बिलाल पुत्र मों. अशफाक, मो. आफाक पुत्र अब्दुल अहद व जनपद लखनऊ के थाना इन्दिरा नगर के शिवपुरी कालोनी निवासी अतुल राय पुत्र चन्द्रकांत व जनपद लखनऊ के थाना गुडम्बा के ग्राम फूलबाद कालोनी निवासी शौकत अली पुत्र मो. जमशेद अली को धर दबोचा।

पुलिस ने इनके पास से 2 किलो 525 ग्राम अवैध मार्फीन बरामद की। जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 7 करोड़ 50 लाख रुपये बतायी गयी है। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि ये शातिर तस्कर मणिपुर राज्य से क्रूड माल लेकर आते हैं और उसे केमिकल के माध्यम से रिफाइन करके शुद्ध मार्फीन बनाते हैं। यह लोग कैरियर के माध्यम से मार्फीन की सप्लाई हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, सोनभ्रद के अलावा लखनऊ, गोण्डा और अयोध्या के आस पास के जनपदों में करते हैं।

उन्होंने आगे बताया कि आस पास के जनपदों में मार्फीन की सप्लाई करने के लिये मारुति वैन और वैगनार गाड़ी का प्रयोग करते थे। साथ ही में जो मार्फीन लेने ग्राम टिकरा आता था वह व्यक्ति बाइक का सहारा लेता था। बाइकों को अदल बदल कर यह लोग मार्फीन की सप्लाई करते थे। पुलिस अधीक्षक ने इस गुडवर्क से खुश होकर जैदपुर पुलिस टीम को नकद ईनाम देने की घोषणा भी की।

संबंधित समाचार