मुरादाबाद: कोरोना नियमों का पालन कराना पुलिस के लिए फिर बनी चुनौती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पंचायत चुनाव के बीच बढ़ रहा कोरोना संक्रमण एक बार फिर पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के लिए मुसीबत बन गया है। एक तरफ चुनाव की सख्त ड्यूटी, दूसरी ओर कोरोना से जनपदवासियों को बचाने की जद्दोजहद। यही वजह है कि पिछले साल की तरह एक बार फिर खाकी सड़कों पर जूझती नजर आएगी। पुलिसकर्मी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पंचायत चुनाव के बीच बढ़ रहा कोरोना संक्रमण एक बार फिर पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के लिए मुसीबत बन गया है। एक तरफ चुनाव की सख्त ड्यूटी, दूसरी ओर कोरोना से जनपदवासियों को बचाने की जद्दोजहद। यही वजह है कि पिछले साल की तरह एक बार फिर खाकी सड़कों पर जूझती नजर आएगी। पुलिसकर्मी नियमित रूप से मोहल्लों व बाजारों में गश्त कर सभी से कोविड नियमों का पालन करने की अपील करेंगे। इस दौरान बिना मास्क के चहलकदमी करने वालों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

पिछले वर्ष इस वक्त कोरोना चरम पर था। लाकडाउन के कारण देश में हाहाकार मचा हुआ था। हजारों की संख्या में लोग पलायन कर रहे थे। इस विषम परिस्थिति में अगर हमें कोरोना से बचाने के लिए कोई सड़कों पर घूम रहा था तो वो थे पुलिसकर्मी। करीब दो माह तक उन्होंने सड़कों पर सख्त ड्यूटी की। इस दौरान उनके कई रूप देखने को भी मिले थे। कभी नियमों का पालन कराने के लिए सख्ती करते नजर आए तो कभी किसी के सुख-दुख को बांटने के लिए उनके घर तक पहुंच गए।

पंचायत चुनाव के कारण करेंगे दोहरी ड्यूटी
एक तरफ कोरोना फिर से पैर पसारने लगा है। कई राज्यों में रात्रि कर्फ्यू लगाने की तैयारी कर ली गई है। वहीं दूसरी तरफ पंचायत चुनाव की सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। देश की सबसे छोटी संसद का चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराना अफसरों के लिए चुनौती बना हुआ है। ऐसे में कोरोना ने खाकी को दोहरी ड्यूटी करने के लिए मजबूर कर दिया है। लिहाजा अफसरों ने प्लान बनाया है कि पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों के मोहल्लों व बाजारों में घूमकर गश्त करेंगे। इस दौरान सभी से लाउड स्पीकर पर कोविड नियमों का पालन करने की अपील की जाएगी। वहीं बिना मास्क के घूमने वालों पर भी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के साथ ही कोविड नियमों का पालन कराना भी हमारी जिम्मेदारी है। इसके लिए थानेदारों को घूम-घूमकर अपील करने के निर्देश दे दिए गए हैं। गश्त के दौरान क्षेत्र के जिम्मेदार अफसर भी पुलिस के साथ मौजूद रहेंगे।

संबंधित समाचार