बिजनौर: किराये के मकान में 3 साल से चल रही है अवैध पटाखा फैक्ट्री
बिजनौर, अमृत विचार। बक्शीवाला में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार को विस्फोट के बाद काम कर रहे 5 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं 5 लोग घायल बताए गए हैं। घटना के बाद जिले के आला अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की। साथ ही आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी जुटाई …
बिजनौर, अमृत विचार। बक्शीवाला में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार को विस्फोट के बाद काम कर रहे 5 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं 5 लोग घायल बताए गए हैं। घटना के बाद जिले के आला अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की। साथ ही आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी जुटाई पर कोई स्पष्ट बात सामने निकलकर नहीं है।
पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि नहटौर निवासी युसूफ के नाम पर पटाखा फैक्ट्री चल रही है। दिसंबर 2025 तक फैक्ट्री का लाइसेंस पंजीकृत है। फैक्ट्री का लाइसेंस मोहल्ला बुखारा निवासी यूसुफ और शरीफ का है। जिस मकान में यह घटना हुई है, उसके मालिक ने नहटौर के मोहल्ला तीरगरान निवासी आबिद से किराए पर ले रखा है, जबकि लाइसेंस के अनुसार दूसरे मकान में फैक्ट्री चल रही है। जहां घटना हुई है, वहां पर अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। यहां पटाखे बनाने का काम पिछले 3 वर्ष से किया जा रहा है। जिस कमरे में पटाखे बनाए जा रहे थे, वह मानक के अनुरूप भी नहीं है।
हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर जिलाधिकारी रमाकांत पांडे व एसपी डा. धर्मवीर सिंह, एसडीएम सदर विक्रमादित्य मलिक, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता, थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम पहुंचे।
इसके बाद घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू में किया। वहां पर मृत पड़े लोगों को फैक्ट्री से बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री मालिक यूसुफ को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी ने बताया कि फैक्ट्री में आग कैसे लगी, इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इन मजदूरों की गई जान
अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाके के बाद मजदूर सोनू (30) पुत्र ऋषिपाल निवासी ग्राम बुखारा, चिंटू (21) पुत्र राजाराम निवासी मोहल्ला बुखारा, प्रदीप (18) पुत्र रामअवतार मोहल्ला बुखारा तथा वेद प्रकाश (50) पुत्र बुद्धू ग्राम खजूरा थाना नहटौर और बृजपाल की मौके पर ही मौत हो गई है।
ये घायल अस्पताल में भर्ती
घायलों में समर पाल पुत्र बुधन ग्राम खजुरा थाना नहटौर, प्रिंस (17) पुत्र दिलावर मोहल्ला बुखारा, शानू (17) पुत्र मोहल्ला बुखारा और एक अन्य घायल हैं। इन लोगों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दमकल कर्मियों ने बुझाई आग, शवों के निकाला
थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। तत्काल मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद काम के दौरान विस्फोट में मृत पड़े मजदूरों के शवों को निकाला गया और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।
