ऑपरेशन वज्रपात: नशा सौदागरों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नशा सौदागरों की धरपकड़ के लिए पुलिस फोर्स ने भोटिया पड़ाव से लेकर मंगल पड़ाव और बनभूलपुरा से लेकर हीरानगर तक ताबड़तोड़ दबिश दी। इस दौरान पांच महिला समेत 40 संदिग्धों को पकड़ा गया। सीओ सिटी प्रमोद शाह के नेतृत्व में 40 पुलिस कर्मियों की छह पुलिस टीमों ने शनिवार सुबह एक …

हल्द्वानी, अमृत विचार। नशा सौदागरों की धरपकड़ के लिए पुलिस फोर्स ने भोटिया पड़ाव से लेकर मंगल पड़ाव और बनभूलपुरा से लेकर हीरानगर तक ताबड़तोड़ दबिश दी। इस दौरान पांच महिला समेत 40 संदिग्धों को पकड़ा गया।

सीओ सिटी प्रमोद शाह के नेतृत्व में 40 पुलिस कर्मियों की छह पुलिस टीमों ने शनिवार सुबह एक साथ भोटिया पड़ाव, मंगल पड़ाव, हीरानगर और बनभूलपुरा में चिन्हित किए गए संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस कार्रवाई से संदिग्धों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ भागने की कोशिश करने लगे। इस दौरान संदिग्धों और पुलिस में हल्की नोकझोक भी हुई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए 40 को धर दबोचा। इन्हें पुलिस वाहनों में भरकर कोतवाली लाया गया।

हालांकि संदिग्धों के कब्जे से मादक पदार्थ बरामद नहीं हुए। इसके बाद सभागार में संदिग्धों से अलग-अलग पूछताछ की गई। इसके साथ ही पुलिस ने सभी को नशा से दूर रहने, खरीद-फरोख्त न करने, नशा सौदागरों को संरक्षण न देने की शपथ दिलाई। चेताया कि दोबारा संदिग्ध गतिविधियां मिली तो कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। काउंसलिंग, शपथ दिलाने और हिदायत देने के बाद सभी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस टीम में प्रमुख रूप से कोतवाली के एसएसआई कैलाश सिंह नेगी, बनभूलपुरा एसओ युनूस खान, भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी पीएस नगरकोटी, मंगल पड़ाव के डीएस बिष्ट, राजपुरा के प्रकाश पोखरियाल, हीरानगर के राजवीर सिंह नेगी, महिला एसआई कुमकुम धानिक के साथ ही एसओजी की टीम और तमाम पुलिस कर्मी शामिल थे।

पीड़ितों की काउंसलिंग, संदिग्ध सौदागर पाबंद
हल्द्वानी। पुलिस ने धरपकड़ की काउंसलिंग के बाद नशा पीड़ितों की काउंसलिंग कराई। उन्हें नशे के दुष्परिणाम बताते हुए दूर रहने की नसीहत दी। दूसरी ओर संदिग्ध सौदागरों को अवैध धंधे से दूर रहने की हिदायत देने के साथ ही मुचलका पाबंद कर दिया गया।

पूछताछ में उत्तर प्रदेश के 12 बड़े सौदागरों के नाम खुले
हल्द्वानी। नशे के स्थानीय सौदागरों से पूछताछ में उत्तर प्रदेश के 12 बड़े सौदागरों के नाम प्रकाश में आए हैं। बड़े सौदागर बरेली, बिलासपुर, रामपुर, बहेड़ी के साथ ही किच्छा के भी हैं। बड़े सौदागर ही क्षेत्र के स्थानीय सौदागरों को स्मैक सप्लाई करते हैं। इन्हें चिन्हित कर लिया गया है। सीओ सिटी प्रमोद शाह ने बताया कि जल्द ही इन बड़े सौदागरों के खिलाफ धरपकड़ का अभियन चलाया जाएगा।