मुरादाबाद: मौत की वजह जानने को कब्र खोदकर निकाला गया शव
मुरादाबाद, अमृत विचार। गलशहीद थाना क्षेत्र में पांच माह पूर्व हुई पीतल कारोबारी की मौत के रहस्य से पर्दा उठाने को लेकर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के वक्त कोरोना के कारण कारोबारी के बेटे ने कानूनी कार्रवाई …
मुरादाबाद, अमृत विचार। गलशहीद थाना क्षेत्र में पांच माह पूर्व हुई पीतल कारोबारी की मौत के रहस्य से पर्दा उठाने को लेकर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के वक्त कोरोना के कारण कारोबारी के बेटे ने कानूनी कार्रवाई से इंकार करते हुए बिना पीएम कराए शव दफन करवा दिया था। अब उनकी पत्नी ने भांजियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की, जिस पर यह कार्रवाई की गई।
गलशहीद थाना क्षेत्र के असालतपुरा निवासी जमील अहमद पीतल कारोबारी थे। उनका बेटा मोहम्मद जीशान दुबई में नौकरी करता है। उन्होंने बेटी की भी शादी कर दी थी, जो मौजूदा समय में न्यूजीलैंड में रहती है। यहां पर वह अपनी पत्नी शादमा परवीन के साथ रहते थे। बताते हैं कि पांच माह पहले उनकी मौत हो गई थी। जब इसकी जानकारी दुबई में रहने वाले उनके बेटे को हुई तो उसने कोरोना के कारण कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया था। इस कारण बिना पोस्टमार्टम कराए शव को दफना दिया गया था।
कारोबारी की पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप
इसके बाद से शादमा अपने भाई मोहम्मद शमशाद के साथ अपने घर में रहती हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने एसएसपी को पत्र देकर पति की हत्या का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि पति की भांजियां मोहल्ले में ही रहती हैं। उनसे उनके पति का मकान निर्माण को लेकर विवाद हो गया था। इसी को लेकर उन्होंने उनके पति के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि उन लोगों ने सिर पर धारदार हथियार से वार कर उनकी हत्या कर दी थी। उस वक्त बेटे के कहने पर उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की थी। लेकिन, अब आरोपी भांजियां उनके साथ भी आए दिन झगड़ा कर रही हैं। उन्हें मारपीट के झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी शिकायत पर अफसरों ने शव निकालने के आदेश दिए थे। इस पर शनिवार को कार्रवाई की गई। देर शाम आई रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। एसओ कपिल कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
