हरदोई: आचार संहिता उल्लंघन को लेकर पुलिस सख्त, प्रत्याशी समेत 8 के खिलाफ मामला दर्ज, 6 गिरफ्तार
हरपालपुर, हरदोई। अरवल व हरपालपुर पुलिस ने तीन जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की कार्रवाई की है। पुलिस की कार्रवाई से प्रत्याशियों में खलबली मच गई है। अरवल पुलिस ने थाना क्षेत्र के बानामऊ गांव में मतदाताओं के लिए दो बोलेरो गाड़ियों में भरकर लाए गए करीब 4 क्विंटल लड्डूओं …
हरपालपुर, हरदोई। अरवल व हरपालपुर पुलिस ने तीन जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की कार्रवाई की है। पुलिस की कार्रवाई से प्रत्याशियों में खलबली मच गई है। अरवल पुलिस ने थाना क्षेत्र के बानामऊ गांव में मतदाताओं के लिए दो बोलेरो गाड़ियों में भरकर लाए गए करीब 4 क्विंटल लड्डूओं को बरामद किया है। सपा जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह वीरे यादव की पत्नी अनीता यादव साण्डी ज्योति क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। उनके समर्थक मतदाताओं को बांटने के लिए दो बोलेरो गाड़ियों से भरकर 398 पैकेट लड्डू लाए थे।
पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी अनीता यादव समेत आठ लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है। 6 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। उधर हरपालपुर पुलिस ने बगैर अनुमति के लाउडस्पीकर लगाकर प्रचार कर रहे हरपालपुर तृतीय क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य की प्रत्याशी कमला देवी यादव तथा साण्डी तृतीय क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य की प्रत्याशी सावित्री देवी निवासी बघराई के प्रचार वाहन को सीज कर दिया है। दोनों प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कर दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है।
पुलिस कार्रवाई से पैदल हो गया प्रत्याशी
स्थानीय कोतवाली पुलिस ने हरपालपुर तृतीय क्षेत्र की सपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी कमला देवी यादव के प्रचार वाहन को पुलिस ने सीज कर दिया है। जिला पंचायत सदस्य की प्रत्याशी कमला यादव के पति धनपाल सिंह यादव ने पुलिस पर गलत ढंग से कार्यवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पास एक ही कार थी जिससे वह अपने बेटे शुभम के साथ मतदाताओं से जनसंपर्क कर रहे थे। सपा नेता पम्मू यादव के इशारे पर अनुमति पत्र होने के बावजूद भी पुलिस ने उनके वाहन को सीज कर दिया है। प्रचार के लिए निकले बाप बेटे दोनों पैदल ही अपने घर की ओर कूच कर गए।
