बरेली: सेनेटाइजेशन के लिए 4.25 लाख की खरीदी दवाई
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सेनेटाइेजशन के लिए अधिकारियों ने एक बार फिर से तैयारी शुरू कर दी है। फायर ब्रिगेड के साथ नगर निगम की टीम संक्रमण प्रभावित इलाकों में दवा का छिड़काव करती है। ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रों में छिड़काव हो सके, इसके लिए नगर निगम के जलकल …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सेनेटाइेजशन के लिए अधिकारियों ने एक बार फिर से तैयारी शुरू कर दी है। फायर ब्रिगेड के साथ नगर निगम की टीम संक्रमण प्रभावित इलाकों में दवा का छिड़काव करती है। ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रों में छिड़काव हो सके, इसके लिए नगर निगम के जलकल विभाग ने सोडियम हाईपोक्लोराइड नाम के रसायन का प्रचुर मात्रा में स्टाक कर लिया है।
अभी इस रसायन का करीब 25 टन भंडारण किया गया है। दवा के छिड़काव के लिए हरियाणा से दो वाहन भी खरीदे हैं। इनकी खरीद होने के बाद अब तक छिड़काव की जिम्मा उठाते फायर ब्रिगेड को काफी राहत मिल जाएगी। जलकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, तमाम इलाकों में सेनेटाइजेशन के लिए पिछले साल करीब 125 टन सोडियम हाईपोक्लोराइड की खरीद की गई थी। इस बार भी इस खास रसायन की कमी न होने पाए, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
सेनेटाजेशन में नहीं आएगी कोई दिक्कत
कोरोना महामारी का प्रकोप एक बार फिर से बढ़ने से इससे निपटने की तैयारी भी तेज हो गई है। नगर निगम के जलकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उनके स्टोर में करीब 25 टन सोडियम हाईपोक्लोराइड के भंडारण की क्षमता है। कुछ दिन पहले ही इतनी ही मात्रा में इस रसायन का स्टॉक कर लिया गया है। यह रसायन करीब 17000 रुपये प्रति टन की दर से खरीदा जाता है। बाद में इस रसायन को दमकल विभाग को देकर उन वाहनों के माध्यम से संक्रमण को रोकने के लिए दवा का छिड़काव किया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि दवा का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक हो जाने से सैनिटाइजेशन की कोई दिक्कत नहीं आएगी।
पिछले साल खरीदी थी सवा सौ टन दवाई
पिछले साल भी कोरोना संक्रमण को रेाकने के लिए विभाग ने करीब सवा सौ टन इस दवाई की खरीद कराकर उसका छिड़काव कराया था। दवा डालने के लिए अब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का ही इस्तेमाल होता रहा है लेकिन अब जलकल विभाग ने हरियाणा से करीब 17 लाख रुपये की कीमत के दो वाहनों की खरीद की है। इसमें दवा भरने के लिए लगभग 4000 लीटर की क्षमता का टैंक भी लगा हुआ है। इसमें स्प्रे मशीन होने से इससे दवा का दूर तक छिड़काव करने में आसानी होगी। यह वाहन जिस कंपनी से क्रय किए गए हैं, उनके कर्मचारी यहां एक-दो दिन के अंदर पहुंचकर मशीन को चलाने के लिए ट्रेनिंग भी देंगे।
“कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सोडियम हाईपोक्लोराइड नाम के रसायन का पर्याप्त भंडारण कर लिया गया है। साथ ही हरियाणा से भी दो वाहनों की खरीद की गई है। सैनिटाइजेशन के लिए अब पर्याप्त मात्रा में रसायन की व्यवस्था है।” -राजेश कुमार यादव, महाप्रबंधक (जलकल), नगर निगम
