बरेली: सचिव पद के उपचुनाव में वीपी ध्यानी 712 वोटों से जीते

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बार एसोसिएशन के सचिव पद पर हुए उपचुनाव में एडवोकेट वीरेन्द्र प्रसाद ध्यानी ने एडवोकेट चंद्रशेखर को करारी शिकस्त दी। वीपी ध्यानी ने 914 वोट लेकर 712 वोटों से प्रतिद्वंद्वी को हराकर जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर रहे चन्द्रशेखर को सिर्फ 202 वोट मिले। सोमवार को उपचुनाव में हुए मतदान में …

बरेली, अमृत विचार। बार एसोसिएशन के सचिव पद पर हुए उपचुनाव में एडवोकेट वीरेन्द्र प्रसाद ध्यानी ने एडवोकेट चंद्रशेखर को करारी शिकस्त दी। वीपी ध्यानी ने 914 वोट लेकर 712 वोटों से प्रतिद्वंद्वी को हराकर जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर रहे चन्द्रशेखर को सिर्फ 202 वोट मिले।

सोमवार को उपचुनाव में हुए मतदान में 2016 मतदाताओं में से 1521 अधिवक्ताओं ने ही मतदान किया। वोटिंग प्रतिशत 75.44 रहा। चुनाव में तीसरे स्थान पर 198 वोट पाते हुए अमित बिसारिया रहे। अन्य प्रत्याशियों में धर्मवीर गुप्ता को 73, संजय कुमार वर्मा को 69, हेमेन्द्र कुमार शर्मा को 26 व विनोद सिंह को 26 वोट मिले।

मुख्य चुनाव अधिकारी एडवोकेट विजय पाल सिंह ने बताया कि आठ मतपत्र निरस्त किये गये। वोटिंग के लिए छह बूथ बार सभागार में बनाए गये थे। सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक अधिवक्ताओं ने मतदान किया। शाम 7 बजे मतपत्रों की गिनती होने के बाद वीपी ध्यानी को विजयी होने पर प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने गये अवनीश कुमार सिंह को भी चुनाव समिति ने प्रमाण पत्र प्रदान किया। बता दें कि पिछले साल वरिष्ठ अधिवक्ता अमर भारती की मौत के बाद सचिव पद खाली हो गया था। अमर भारती ने बार एसोसिएशन में कई पदों पर लंबी पारी खेली थी।

सचिव बनने पर ध्यानी का समर्थकों ने फूलमालाओं से किया स्वागत
बार एसोसिएशन के सचिव बनने पर एडवोकेट वीपी ध्यानी को अधिवक्ताओं ने बधाई दी है। उनका फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। मतगणना के दौरान जैसे ही शाम के 6 बजे समर्थकों को पता चला कि प्रतिद्वन्द्वी प्रत्याशी से वीपी ध्यानी ने पांच सौ वोटों से अधिक की बढ़त बना ली है तो समर्थक खुशी में ढोल नगाड़े की थाप पर नाचने लगे। वहीं, वीपी ध्यानी ने सचिव बनने की घोषणा होने के बाद चुनाव समिति के वरिष्ठ अधिवक्ताओं से आशीर्वाद लिया। एडवोकेट नन्दकिशोर भगत ने वीपी ध्यानी को बंपर वोटों से जीत हासिल करने पर शुभकामनाएं दीं।

“वीपी ध्यानी के सचिव पद पर विजयी होने पर शुभकामनाएं देता हूं। चुनाव समिति का निष्पक्ष, पारदर्शी, व्यवस्थित चुनाव कराने पर आभार। अधिवक्ता हित में बार काउंसिल से मिली आर्थिक सहायता वितरण समेत जो भी कार्य किये जाने हैं उनमें सहयोग करेंगे, ऐसी कामना करता हूं।” -घनश्याम शर्मा एडवोकेट, अध्यक्ष, बार एसोसिएशन

“जुझारू, कर्मठ व अधिवक्ता हितों के लिए सदैव संघर्षरत रहने वाले वी पी ध्यानी एड़वोकेट के विजयी होने पर बधाई। वह बार की कमियों को दूर करते हुए संगठन को मजबूत बनायेंगे ऐसी उम्मीद करता हूं।” -उमंग रावत ‘शीन‘ एडवोकेट

नारेबाजी से प्रत्याशियों के समर्थकों में हुई नोकझोंक
सात प्रत्याशी व उनके समर्थकों ने बार सभागार के बाहर अपने-अपने प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने की अपील की। दोपहर में लंच के बाद सचिव पद के एक प्रत्याशी के समर्थन में उनके समर्थक जोरदार नारेबाजी करने लगे। इसको लेकर अन्य प्रत्याशियों के समर्थकों ने विरोध व्यक्त किया। इस पर दोनों पक्षों में नोकझोंक होने लगी। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने बीचबचाव करके मामला शांत करवाया। चुनाव पैनल से शिकायत होने पर चुनाव अधिकारी अमजद सलीम ने एनाउंस कर शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव में व्यवधान पैदा करने वाले प्रत्याशी की उम्मीदवारी निरस्त करवा दी जायेगी। इसलिए व्यवस्था बनाने में अपने समर्थकों को निर्देशित करें। तब जाकर माहौल शांत हुआ। इस दौरान भारी संख्या मे पुलिस बल भी तैनात रहा।

संबंधित समाचार