बरेली: रमजान का एक अशरा पूरा, अब दूसरा हुआ शुरू
बरेली, अमृत विचार। रमजान के पवित्र महीने का आगाज होने के बाद से ही शहर में मुस्लिम समाज के लोग अकीदत के साथ रोजे रखकर देर रात तक तराबीह सुनकर खुदा की इबादत कर रहे हैं। वहीं मस्जिदों में अब कुरान ख्वानी का सिलसिला शुरू होने लगा है। रमजान का अब दूसरा अशरा शुरू हो …
बरेली, अमृत विचार। रमजान के पवित्र महीने का आगाज होने के बाद से ही शहर में मुस्लिम समाज के लोग अकीदत के साथ रोजे रखकर देर रात तक तराबीह सुनकर खुदा की इबादत कर रहे हैं। वहीं मस्जिदों में अब कुरान ख्वानी का सिलसिला शुरू होने लगा है। रमजान का अब दूसरा अशरा शुरू हो चुका है। चांद रात के दिन से ही नगर व ग्रामीण क्षेत्र की सभी मस्जिदों में तराबीह का दौर शुरू हो गया था। शुक्रवार को रमजान का एक असरा पूरा होने के बाद दूसरा असरा शुरु हो गया है।
रमजान के दूसरे अशरे की शुरुआत शनिवार से हो गई है। मगफिरत का यह अशरा रमजान के 20वें रोजे के सूरज डूबने तक रहेगा। दूसरे अशरे में रोजेदार रोजा रखकर अल्लाह से मगफिरत की दुआ करेंगे। वहीं घरों पर भी रोजेदारों ने नमाज अदा कर खुदा से कोरोना के खात्मे की दुआ मांगी। दूसरे अशरे में रोजेदार रोजा रखकर अल्लाह से मगफिरत की दुआ करते हैं। इस दौरान अल्लाह से अपने गुनाहों की तौबा की जाती है। कोरोना संक्रमण काल में पाबंदियों के साथ रोजे की तमाम रवायतें निभाई जा रही हैं।
जमात रजा मुस्तफा के प्रवक्ता समरान खान ने बताया कि रोजा इस्लाम का तीसरा अहम रुकन है। रमजान का महीना तमाम महीनों में सबसे अफजल है। इसमे अल्लाह अपने बंदों को एक नेकी के बदले 70 नेकिया देता है। उन्होने कहा कि रोजदार अल्लाह से दुआ करें कि पूरी दुनिया से और अपने देश से कोविड 19 जल्द खत्म हो जाए और मुल्क में अमन चैन अता फरमाएं।
कांग्रेस ने कराया रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन
फरीदपुर में नगर कांग्रेस कमेटी के द्वारा शुक्रवार को रोजा इफ्तार किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि जिला कंग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी और अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष जुनैद हुसैन व हाजी इस्लाम बब्बू रहे। अशफाक सकलैनी ने कहा कि केवल कांग्रेस ही है जो सही मायने में सबके साथ है और सबका विकास किया है। भाजपा केवल झूठे सपने दिखाकर जनता को गुमराह कर रही है। जुनैद हुसैन ने कहा देश की जनता भाजपा के साथ जाकर गलत दिशा में जा चुकी है। अभी भी इस जुमलों की सरकार को न बदला गया तो देश के हालात और बदतर हो जाएंगे। इस मौके पर जिला सचिव इस्तियाक मंसूरी ,यामीन सभासद ,हाफिज साजिद ,जुनैद हसन एडवोकेट समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
