मुरादाबाद : चौबीस घंटे पहले आई थी खुशी…और फिर छा गया मातम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। घर में लक्ष्मी का आगमन हुआ। बेटा बहु लेकर आया तो खुशी का ठिकाना नहीं। कोरोना काल था, शादी का कार्यक्रम उस हसरत के साथ तो नहीं हुआ। पर इस मौके पर खुशी से घर भर गया था। परिवार के हर सदस्य के चेहरे पर मुस्कान थी। सभी इस खुशनुमा पल को …

मुरादाबाद, अमृत विचार। घर में लक्ष्मी का आगमन हुआ। बेटा बहु लेकर आया तो खुशी का ठिकाना नहीं। कोरोना काल था, शादी का कार्यक्रम उस हसरत के साथ तो नहीं हुआ। पर इस मौके पर खुशी से घर भर गया था। परिवार के हर सदस्य के चेहरे पर मुस्कान थी। सभी इस खुशनुमा पल को एक दूसरे से बांट रहे थे। पर अचानक आफत की एक आहट ने चेहरों की मुस्कान छीन ली। बुजुर्ग की अचानक सांस थमी और चौबीस घंटे बाद ही खुशी पर मातम छा गया।

यह मार्मिक स्थिति हरथला के एक परिवार की है। परिवार में शादी का माहौल था। 63 वर्षीय बुजुर्ग दो दिन पहले ही अपनी इस खुशी को फोन पर उन रिश्तेदारों से बयां कर रहे थे जो इस पल का हिस्सा नहीं बन सकते थे। बुजुर्ग के बेटे की शुक्रवार को शादी थी। बेटा बहु लेकर आया तो खुशी का ठिकाना न था। जो फोटो और वीडिया शादी के दिन तैयार की गईं। अपने रिश्तेदारों और मित्रों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजकर खुशी भी जताई। पर किसी को क्या पता था कि खुशी से महक रहे इस परिवार को किसी की नजर लग जाएगी।
दूसरे दिन अचानक बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई। बुखार आया और फिर सांस भी उखड़ने लगी। कोरोना की आशंका हुई तो फौरन कांठ रोड के एक निजी अस्पताल पहुंचे। यहां उनकी चिकित्सा शुरू कर दी गई। पर सांस लेने में उन्हें तकलीफ हो रही थी। इसी दौरान अस्पताल की ओर से उन्हें दो इंजेक्शन लगाए गए और उसके चंद घंटों बाद बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।

अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
हरथला के इस परिवार ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। कोरोना जांच न करने और बुजुर्ग को ठीक से चिकित्सा सेवा न दिए जाने का आरोप है। बेटे का कहना है कि दो इंजेक्शन देने के कुछ ही देर बाद उनके पिता की जान चली गई। इंजेक्शन उनकी सेहत सुधारने को दिया गया था, फिर क्या गड़बड़ी कर दी गई जिससे उनके घर में मातम पसर गया। उन्होंने बताया कि वह इस मामले में प्रशासन से जांच की मांग करेंगे।

सीएमओ डा. मिलिंद चंद गर्ग ने बताया कि हमारे पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। किस अस्पताल का मामला है और किस व्यक्ति या परिवार के साथ ऐसा हुआ है, हमें नहीं पता। शिकायत आती है तो इस मामले की जांच कराई जाएगी। कोई भी मरीज आता है तो अस्पताल को उसकी कोरोना जांच करनी अनिवार्य है।

संबंधित समाचार